कोविड केयर हेल्प डेस्क में क्वारंटाइन किए गए 40 सिपाही
छुट्टी से लौटे 40 सिपाहियों को पुलिस लाइन स्थित कोविड केयर हेल्प डेस्क में क्वारंटाइन कराया गया है।
संसू, प्रतापगढ़ : छुट्टी से लौटे 40 सिपाहियों को पुलिस लाइन स्थित कोविड केयर हेल्प डेस्क में क्वारंटाइन कराया गया है। गुरुवार को एसपी ने पुलिस लाइन में महिला व पुरुष के लिए बनाए गए अलग-अलग हेल्प डेस्क में व्यवस्थाओं का जायजा लिया।
संक्रमण रोकने के लिए पुलिस महकमे ने पहले से ही यह व्यवस्था की थी कि जो भी पुलिस कर्मी छुट्टी से गैर जनपद से ड्यूटी पर लौटेंगे, उन्हें उनके आवास पर 14 दिन के लिए होम क्वारंटाइन करा दिया जा रहा था। अब जब प्रदेश के कई जिलों में पुलिस कर्मियों के संक्रमित होने की जानकारी मिली तो पुलिस लाइन में ही पुलिस कर्मियों को क्वारंटाइन कराने की व्यवस्था करा दी गई।
इसके लिए पुलिस लाइन में चुनाव सेल को हटाकर उसमें पुरुष पुलिस कर्मियों के लिए कोविड केयर हेल्प डेस्क बनाई गई है, जबकि महिला पुलिस कर्मियों के लिए पुलिस लाइन परिसर में स्थित प्राइमरी स्कूल में हेल्प डेस्क स्थापित की गई है। दोनों हेल्प डेस्क में चिकित्सकों और महिला व पुरुष पुलिस कर्मियों की तैनाती की गई है। जो भी पुलिस कर्मी छुट्टी या ड्यूटी से गैर जनपद से आ रहे हैं। उन्हें हेल्प डेस्क में सात दिन के लिए क्वारंटाइन कराया जा रहा है। इस समय चुनाव सेल में बने हेल्प डेस्क में 33 सिपाही व प्राइमरी स्कूल में बने हेल्प डेस्क में सात महिला सिपाही क्वारंटाइन हैं। इस बीच एसपी अभिषेक सिंह ने गुरुवार को दोपहर दोनों हेल्प डेस्क का निरीक्षण करके व्यवस्थाओं का जायजा लिया।