रुक रुक कर हुई बारिश, मौसम रहा सुहाना
सुबह से ही रुक-रुक कर हो रही बरसात से तापमान में गिरावट हुई और मौसम सुहाना हो गया।
जागरण संवाददाता, पीलीभीत : शनिवार की रात करीब ढाई बजे से लेकर रविवार को दोपहर तक रुक रुक कर बारिश होती रही। आसमान पर पूरे दिन बादल उमड़ते रहे। पूरनपुर क्षेत्र में सुबह बारिश के साथ ही तेज हवा चली। जिससे अनेक जगह धान की फसल खेतों में गिर गई। देर शाम भी आसमान पूरी तरह बादलों से आच्छादित रहा। ऐसे में तापमान में गिरावट आने से मौसम सुहाना रहा। लोगों को उमस भरी गर्मी से राहत मिली। प्रात: के समय बारिश के दौरान तो लोगों को गुलाबी ठंड का अहसास हुआ।
रात में आसमान साफ था लेकिन आधी रात के बाद से बादल उमड़ने लगे। कुछ देर बाद हल्की बारिश शुरू हो गई। बारिश का यह रुक रुक कर बारिश का यह सिलसिला सुबह करीब नौ बजे तक चलता रहा। इसके बाद बादल छंटने लगे तो सूरज चमक उठा। तब लोगों को लगा कि मौसम साफ हो जाएगा लेकिन कुछ देर बाद ही बादलों से सूरज को फिर ढंक लिया। दोपहर कुछ देर तक हल्की बारिश हुई। बाद में बूंदाबांदी तो थम गई लेकिन देर शाम तक आसमान पर घने बादल छाए हुए हैं। राजकीय कृषि विज्ञान केंद्र के वरिष्ठ वैज्ञानिक डॉ. शैलेंद्र सिंह ढाका के अनुसार रविवार को अधिकतम तापमान घटकर 31.5 और न्यूनतम 23.9 डिग्री रिकॉर्ड किया गया। उन्होंने बताया कि सोमवार को भी आसमान पर बादल उमड़ेंगे लेकिन बारिश की संभावना कम ही है। हालांकि 24 से 26 सितंबर तक बारिश का पूर्वानुमान है।
पूरनपुर : शनिवार की रात से हो रही बारिश से खेत लबालब हो गए। रविवार सुबह तेज बारिश और हवा चलने से तैयार खड़ा धान खेतों में चटाई की तरह बिझ गया। इससे गन्ना भी अछूता नहीं रहा। गन्ना भी अधिकांश जगह खेतों में लेट गया। खेतों में पानी भरा होने से धान सड़ने की आशंका जताई जा रही है।
कलीनगर: शनिवार आधी रात को अचानक आसमान बादलों से घिर गया। रात में तेज बारिश होती रही। रविवार को भी सुबह से ही पूरे दिन बूंदाबांदी होती रही। जिससे किसान इस बरसात को धान और गन्ने की फसल के लिए लाभकारी मान रहे हैं।