विधायक से वार्ता विफल, फूंका पुतला
रेलवे विभाग की ओर से प्रस्तावित अंडरपास के बनाए जाने पर रोक लगाने की मांग को लेकर प्रदर्शन किया।
बीसलपुर (पीलीभीत): रेलवे विभाग की ओर से प्रस्तावित अंडरपास के बनाए जाने पर रोक लगाने की मांग को लेकर ग्राम प्रधान द्वारा की जा रही भूख हड़ताल पांचवें दिन भी जारी रही। विधायक रामसरन वर्मा की अनशनकारी ग्राम प्रधान छोटेलाल से वार्ता हुई जो विफल हो गई। सपा के पूर्वमंत्री हेमराज वर्मा ने अनशन स्थल पर पहुंचकर सभा संबोधित किया। ग्राम प्रधान के समर्थन में ग्रामीणों व सपा कार्यकर्ताओं ने रेलवे प्रशासन का पुतला फूंककर प्रदर्शन किया।
क्षेत्र के ग्राम अकबरगंज सिमरा के पास रेल विभाग द्वारा बड़ी रेल लाइन को डाले जाने का कार्य चल रहा है। इसी के तहत गांव के पास से अंडरपास का निर्माण होना प्रस्तावित है। ग्राम प्रधान छोटेलाल पटेल अंडर ब्रिज को बनाए जाने के विरोध में पिछले पांच दिनों से भूख हड़ताल पर बैठे हुए हैं। स्वास्थ्य लगातार गिरता जा रहा है। रेल विभाग के अधिकारियों ने मौके पर पहुंचकर भूख हड़ताल पर बैठे ग्राम प्रधान से वार्ता कर समस्या का निस्तारण करने की जहमत नहीं उठाई है। क्षेत्रीय विधायक रामसरन वर्मा ने रविवार को अनशन स्थल पर पहुंचकर ग्राम प्रधान से वार्ता की। ग्राम प्रधान समस्या का समाधान होने के लिए लिखित रूप में आश्वासन दिए जाने की जिद पर अड़े हुए थे, जिससे वार्ता विफल हो गई। पूर्वमंत्री हेमराज वर्मा ने अनशन स्थल पर पहुंचकर सभा को संबोधित करते हुए घोषणा की सपा कार्यकर्ता इस आंदोलन में ग्राम प्रधान का पूरा सहयोग करेंगे। विरोध जताने वालों में सपा लोहिया वाहिनी के जिलाध्यक्ष रामप्रताप गंगवार, सुषमा देवी, गीता देवी, महेश कुमार, राजेंद्र कुमार, नन्हे लाल ग्रामीण शामिल रहे। पत्नी ने अनशन स्थल पर तोड़ा करवा चौथ का व्रत
पांच दिनों से भूख हड़ताल पर बैठे ग्राम सिमरा अकबरगंज के प्रधान छोटेलाल पटेल की पत्नी विमला देवी ने शनिवार की रात को करवाचौथ का पूजन अनशन स्थल पर किया। चांद की पूजा करने के बाद उन्होंने पति के हाथ जल पीकर अपना व्रत खोला।