राजीव गांधी सेवा केंद्र में थोप दिए उपले
बीसलपुर गांव नगीपुर अखौला में बनवाया गया राजीव गांधी सेवा केंद्र बदहाली के आंसू बहा रहा है।
बीसलपुर : गांव नगीपुर अखौला में बनवाया गया राजीव गांधी सेवा केंद्र बदहाली के आंसू बहा रहा है। केंद्र में काफी समय से ताला लटका हुआ है जिससे ग्रामीणों को राजीव गांधी सेवा केंद्र का लाभ नहीं मिल पा रहा है। बंद पड़े केंद्र के सामने व उसके परिसर में ग्रामीणों ने उपले पाथकर अपना कब्जा जमा रखा है।
सरकार द्वारा गांव गांव में राजीव गांधी सेवा केंद्र बनवाए गए ताकि इन केंद्रों पर ग्राम पंचायतों की बैठकें आयोजित की जा सकें और ग्रामीणों को लाभ मिल सकें लेकिन, पंचायत विभाग की अनदेखी के कारण राजीव गांधी सेवा केंद्रों में ताला लटके हुए हैं। वहीं, ग्रामीणों ने कुछ राजीव गांधी सेवा केंद्रों पर अवैध रूप से कब्जा जमा कर उपले पाथने का अड्डा बना लिया है। ग्रामीणों ने कई बार केंद्र की साफ सफाई करवाए जाने व केंद्र को खुलवाए जाने की मांग की, लेकिन अधिकारियों की लापरवाही की वजह से राजीव गांधी सेवा केंद्र नहीं खोले गए। इनमें लगे ताले जंग खा रहे हैं। क्षेत्र के तमाम ऐसे गांव हैं जिनमें राजीव गांधी सेवा केंद्र के बाहर गंदगी फैली हुई है लेकिन, अधिकारियों की अनदेखी के कारण राजीव गांधी सेवा केंद्र बदहाली का शिकार है। खंड विकास अधिकारी जगदीश चंद्र जोशी का कहना है कि ग्राम पंचायत अधिकारी को गांव भेज कर जांच कराएंगे।