पुलिस संरक्षण में चल रहे डग्गामार वाहन
परिवहन व पुलिस विभाग की मिलीभगत के चलते डग्गामार वाहनों पर रोकथाम नहीं हो पा रही है।
पूरनपुर (पीलीभीत) : परिवहन व पुलिस विभाग की मिलीभगत के चलते डग्गामार वाहनों पर रोकथाम नहीं लग पा रही है। पूरनपुर तहसील क्षेत्र के कई प्रमुख मार्गों पर बिना रजिस्ट्रेशन व नियम के विरुद्ध डग्गामार वाहनों का संचालन पुलिस संरक्षण में किया जा रहा है। पुलिस बाकायदा इन वाहनों से महीना वसूली रही है। जबकि इन वाहनों के द्वारा आए दिन हादसे होते नजर आ रहे हैं।
पूरनपुर से पीलीभीत व माधोटांडा से पीलीभीत के लिए बसों का संचालन बंद है। इसके बाद इस रूट पर सरकारी बसों को भी विभाग द्वारा नहीं चलाया गया। अब इस रूट पर मैजिक संचालकों ने डग्गामार तरीके से संचालन शुरू कर दिया है। बेहिसाब सवारियों को भूसे की तरह मैजिक में बैठाकर मनमाना दाम वसूला जा रहा है। वही मैजिक स्टैंड पर लोगों का आरोप है कि चालकों द्वारा आने-जाने वाली महिलाओं पर फब्बतियां कसी जाती है। इसको लेकर कई बार तीखी झड़प भी हो चुकी है। वही अगर पूरनपुर या माधोटांडा से पीलीभीत जाते समय मैजिक में उतरकर अपने किसी परिचित के साथ जाने पर चालक सवारियों से मारपीट करते हैं। कई वाहन ऐसे हैं जो कंडम हो चुके हैं। यात्रियों की जान जोखिम में डालकर जमकर उगाही यात्रियों के साथ की जा रही है।
जोगराजपुर : पूरनपुर मैलानी रेल मार्ग पर ट्रेनें बंद होने के बाद दर्जनों गांव के लोगों को तहसील व जिला मुख्यालय पर पहुंचने को लेकर बड़ी मुसीबत का सामना करना पड़ रहा है। यातायात की समुचित व्यवस्था ना होने पर ग्रामीणों को डग्गामार वाहनों का सहारा लेना पड़ रहा है। यात्रियों को अपने वाहनों में भेड़ बकरियों की तरह लेकर चलते हैं।