छात्र लोकेश हत्याकांड में दो आरोपित गिरफ्तार
दोस्त की मंगेतर से फोन पर बात कर उसे परेशान करने पर छात्र लोकेश की हत्या करने के मामले में पुलिस ने दो आरोपितों को गिरफ्तार कर लिया है।
बीसलपुर (पीलीभीत): दोस्त की मंगेतर से फोन पर बात कर उसे परेशान करने पर छात्र लोकेश की हत्या उसके दोस्तों ने ही गोली मारकर कर दी थी। दो आरोपितों ने पुलिस को पूछताछ में हत्या का कारण बताया। प्रयुक्त तमंचा बरामद करने के बाद पुलिस ने मुख्य आरोपित और उसके साथी का चालान करजेल भेजा है। अभी एक अन्य आरोपित की तलाश की जा रही है।
शहर के मुहल्ला दुर्गा प्रसाद निवासी मायाराम शर्मा का पुत्र लोकेश शर्मा पहली जनवरी की शाम को अपने दोस्तों के साथ नए वर्ष पर पिकनिक मनाने गया था। दो जनवरी को सुबह शव ग्राम भसूड़ा नहर पुलिया के पास एक खेत से पुलिस ने बरामद कर लिया था। मृतक लोकेश के पिता ने इस मामले में मुहल्ला दुर्गा प्रसाद निवासी मनोज शर्मा, राज, छोटू वाल्मीकि, शिक्षक बालकृष्ण समेत चार लोगों को नामजद किया था। घटना में अन्य लोगों के शामिल होने का भी संदेह जताया था। रिपोर्ट दर्ज होने के बाद पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर एसओजी टीम व कोतवाली पुलिस हत्याकांड की गुत्थी सुलझाने में जुटी। पुलिस को उस समय सफलता हासिल हुई जब मुहल्ला दुबे निवासी शिवम शुक्ल व उसके साथी राजकमल दीक्षित को गिरफ्तार कर सख्ती से पूछताछ हुई। मुख्य आरोपित शिवम शुक्ल ने बताया कि बरेली में रहने वाली लड़की से उसकी शादी का रिश्ता तय हो गया है। मृतक लोकेश उसका मित्र था। वह उसके सामने ही मंगेतर से फोन पर बात करता था। लोकेश ने फोन से मंगेतर का नंबर चुराकर स्वयं उससे बात कर परेशान करने लगा। मंगेतर ने उससे शिकायत की तथा मित्र को बात न करने के लिए कहने की हिदायत दी। उसने मना किया इसके बाद भी वह नहीं माना और उसकी मंगेतर को परेशान करता रहा। तंग होकर उसने मित्र की हत्या करने की योजना बना ली। नववर्ष का जश्न मनाने के बहाने वह अपने साथी राजकमल दीक्षित की मदद से लोकेश को ग्राम भसूड़ा नहर पुलिया के पास खेत में ले गया। पहले सभी ने एक साथ बैठकर नाश्ता किया व शराब पी। नशा होने पर मुहल्ला दुर्गा प्रसाद निवासी कुनाल के तमंचा से गोली मार कर उसकी हत्या कर दी। गोली लगने के बाद तमंचा वहीं छोड़कर भाग आए , उनके साथ कुनाल भी था। छात्र की हत्या में प्रयुक्त किया गया तमंचा भी बरामद कर लिया। घटना में कुनाल को भी नामजद किया गया है जबकि उसके पिता मनोज शर्मा पहले से ही घटना में नामजद हैं। प्रभारी निरीक्षक संजीव उपाध्याय ने बताया कि घटना में नामजद किए गए अन्य आरोपितों को भी गिरफ्तार किया जाएगा।