यह एक आर्काइव लेख है, जिसे Sep 22, 2018 को प्रकाशित किया गया था। इसमें दी गई जानकारी वर्तमान समय के लिहाज से पुरानी हो सकती है।
बुखार से जिले में दो लोगों की मौत
पूरनपुर व बीसलपुर क्षेत्र में जानलेवा बुखार का प्रकोप थम नहीं रहा है।

पीलीभीत : पूरनपुर व बीसलपुर क्षेत्र में जानलेवा बुखार का प्रकोप थम नहीं रहा है। स्वास्थ्य विभाग की टीमें बुखार से प्रभावित गांवों में भ्रमण कर पीड़ितों का परीक्षण करके दवाइयां बांट रहीं लेकिन फिर भी स्थिति में कोई खास सुधार अब तक नहीं हो सका है। इस बीच शनिवार को जिले में बुखार से दो और लोगों की मौत हो गई है।
घुंघचाई : गांव चकपुर चकोड़ा निवासी मोतीलाल की 14 वर्षीय बेटी सीमा को बीते कई दिनों से बुखार था। शुक्रवार शाम उसकी तबीयत ज्यादा खराब हो गई। परिजन उसे उपचार के लिए चिकित्सकों के यहां ले जाने की तैयारी कर रहे थे तभी उसकी मौत हो गई। अचानक मौत होने से घर में कोहराम मच गया। मृतका की मां माया देवी अपनी बेटी की मौत से काफी बदहवास हो गईं। परिजनों ने बताया कि मृतक की छोटी बहन रजनी भी बुखार से ग्रसित है। उसका भी उपचार निजी चिकित्सक के यहां चल रहा है। गांव में अन्य लोग भी बुखार से पीड़ित बताए जा रहे हैं। सिमरिया के देवेश कुमार पुत्र लाल बहादुर, रामादेवी पत्नी रामअवतार, जसपाल, गंणेश पुत्र नारायण लाल, बबली पुत्री लाल बहादुर, किरण देवी पत्नी लाल बहादुर, नरायनपुर की शिवानी पुत्री पूनम, जसपाल की पत्नी राजवती सहित कई लोग व बच्चे बुखार से ग्रस्त चल रहे हैं। ग्रामीणों ने बताया कि स्वास्थ्य विभाग द्वारा कुछ गांवों में कैंप लगाकर दवाइयों का वितरण करा दिया गया लेकिन गांव सिमरिया, सिमराया नरायनपुर, जनकापुर, मोहब्बतपुर सहित कई गांवों में कैंप नहीं लग सके हैं।
बीसलपुर: ग्राम मुसेली निवासी इंद्रपाल की बेटी मिथिलेश (6) पिछले एक सप्ताह से बुखार से पीड़ित चल रही थी। हालत गंभीर होने पर परिजन उसे बरेली के एक निजी अस्पताल में ले गए जहां उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई। मुहल्ला दुर्गा प्रसाद निवासी रेखादेवी, उनका बेटा प्रियांशु, अनिल कुमार, नन्हेंलाल, मंगादेवी, सोनी, निहारिका, अंजलि सहित एक दर्जन से अधिक लोग वायरल फीवर से ग्रसित चल रहे हैं। मुहल्ला ग्यासपुर में सलीम, मुन्ने, कयूम, आसमा, सहित मुहल्ले के कई लोग बुखार से ग्रसित हैं। अधिकांश मरीजों का उपचार शहर के प्राइवेट अस्पताल में चल रहा है।
टीमों को भेजकर कराकर बांटी दवाइयां
सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में वायरल फीवर से पीड़ित मरीजों की संख्या दिनों दिन बढ़ रही है। चिकित्सा अधीक्षक डॉ. ठाकुरदास के निर्देश पर स्वास्थ्य विभाग की टीमों ने ग्राम जसोली, दिवाली सहित आधा दर्जन ग्रामों में स्वास्थ्य परीक्षण कर मरीजों को दवाइयां वितरित कीं।
