कोहरा में सावधानी से वाहन चलाएं चालक
सर्दी का मौसम प्रारंभ हो गया है। कोहरा दुर्घटनाएं लेकर दस्तक देने वाला है।
पीलीभीत : सर्दी का मौसम प्रारंभ हो गया है। कोहरा दुर्घटनाएं लेकर दस्तक देने वाला है। ऐसे में दोपहिया और चौपहिया वाहन चालकों को सावधान रहने की बहुत ही आवश्यकता है। अगर वाहन चालक सावधानी नहीं रखेंगे तो कभी भी दुर्घटना का शिकार बन सकते हैं। जीवन सुरक्षित रखने के लिए दोपहिया वाहन चालकों को आइएसआइ मार्का का हेलमेट प्रयोग करना चाहिए जो शत-प्रतिशत गुणवत्तापरक होता है। बगैर आइएसआइ मार्का के हेलमेट प्रयोग करने पर जान जा सकती है। ट्रैफिक पुलिस वाहन चालकों को जागरूक करने का काम कर रही है।
ट्रैफिक नियमों का पालन न करने की वजह से आएदिन दुर्घटनाएं हो रही है, जिसमें लोगों की जानें जा रही हैं। राज्य और राष्ट्रीय मार्गों पर ट्रैफिक नियमों से संबंधित बोर्ड और चिह्न बनाए गए है, जिससे दोपहिया वाहन चालकों को किसी प्रकार की दिक्कत नहीं होती है। पहले दोपहिया वाहन चालक के लिए हेलमेट पहनने की अनिवार्यता थी। अब दोपहिया वाहन चालक और पीछे बैठने वाले व्यक्ति को भी हेलमेट पहनना अनिवार्य कर दिया गया है, जिसका सख्ती से पालन कराने की जरूरत है। बगैर हेलमेट के सवारियों की जान का खतरा होता है। आइएसआइ मार्का हेलमेट पहनने से दुर्घटनाग्रस्त होने पर जान बच सकती है, लेकिन बगैर आइएसआइ के हेलमेट की कोई गारंटी नहीं है। दुर्घटना होने पर हेलमेट टुकड़ों-टुकड़ों में बिखर जाता है। परिवहन विभाग की ओर से दोपहिया और चौपहिया वाहन चालकों के लिए दिशा निर्देश जारी किए जाते हैं। अब दोपहिया वाहन के साथ हेलमेट अनिवार्य रूप से दिया जाता है। स्कूल-कालेजों में बच्चों को हेलमेट की महत्ता के बारे में बताया जाता है। हेलमेट से संबंधित होर्डिंग और बोर्ड लगवाए गए हैं। दोपहिया वाहन चालक नंगे सिर बाइक दौड़ाते हुए नजर आते हैं। परिवहन विभाग की ओर से प्रत्येक चौपहिया वाहन चालक और बैठने वाले को सीट बेल्ट बांधने के निर्देश हैं। मगर कार चालक सीटबेल्ट बांधने में शर्म महसूस करते हैं। अगर किसी कार की टक्कर किसी वाहन से हो जाए, तो सीट बेल्ट बांधे व्यक्ति सुरक्षित रह सकेगा, इसीलिए सीटबेल्ट पहनना जरूरी किया गया है।
बजट के अंदर उपलब्ध हैं हेलमेट
हाईवे के किनारे हेलमेट की दुकान लगी आसानी से दिख जाएगी, जहां पर बाइक सवार हेलमेट खरीदते नजर आएंगे। बाजार की दुकानों पर आइएसआइ और बगैर मार्का के हेलमेट उपलब्ध हैं। परिवहन विभाग आइएसआइ मार्का हेलमेट पहनने के लिए निर्देश देता है। आइएसआइ मार्का हेलमेट पूरी तरह टेस्टेड होते हैं। दुर्घटना होने पर व्यक्ति के बचने की पूरी गुंजाइश होते हैं। बाजार में आइएसआइ मार्का हेलमेट की 1000 रुपये से शुरुआत होती है। आइएसआइ मार्का हेलमेट ही बाइक चालकों की पहली पसंद होनी चाहिए। बच्चों को भी पहनाया जाए हेलमेट
बाइक चलाने और बैठने वाले के लिए आइएसआइ मार्का हेलमेट पहनना अनिवार्य श्रेणी में रखा गया है। बगैर हेलमेट के सफर पूरी तरह खतरनाक रहता है। अगर बाइक किसी वाहन में भिड़ जाए तो बचना बहुत ही मुश्किल होता है। अक्सर घटनाएं हेड इंजरी की सामने आती है। अगर बाइक पर बच्चा भी जा रहा है, तो उसके जीवन की सुरक्षा के लिए उसे भी हेलमेट पहनाना आवश्यक है।
कार की फ्रंट सीट पर न बैठाएं बच्चे
अमूमन कार की अगली सीट पर बच्चे के बैठने की जिद होती है। उसे अभिभावक पूरा करने का पूरा प्रयास करते हैं, क्योंकि बच्चा नाराज न हो जाए। मगर सुरक्षा का किसी प्रकार ध्यान नहीं रखा जाता है। बच्चों को कार की फ्रंट सीट पर किसी भी दशा में नहीं बैठाना चाहिए, क्योंकि बच्चों को बैठने में दिक्कत होगी। उसे सीट बेल्ट भी नहीं बांधी जा सकती है। बच्चे को पीछे की सीट पर बैठाना सुरक्षित रहता है। यातायात प्रभारी बोले
वाहन चालकों को ट्रैफिक नियम से चलने के लिए जागरूक किया जाता है। हर साल यातायात माह में कैंप लगाकर दोपहिया और चौपहिया वाहन चालकों को ट्रैफिक नियम बताए जाते हैं। हर हाल में दोपहिया वाहन चालकों को आइएसआइ मार्का ही हेलमेट का प्रयोग करना चाहिए, जो दुर्घटना होने पर जान बचा सकते हैं। बाइक पर पीछे बैठने वाला भी हेलमेट पहने। किसी भी दशा में बगैर मार्का के हेलमेट का इस्तेमाल ना करें। अगर बाइक से कही जा रहे हैं, तो बच्चे को भी हेलमेट पहनाया जाए।
-आलोक कुमार मिश्र, यातायात प्रभारी पीलीभीत।