केरोसिन डालकर विवाहिता को जिदा जलाने का प्रयास
दहेज से नाखुश ससुरालियों ने विवाहिता को जीवित जलाने का प्रयास किया।
जेएनएन, पूरनपुर: मायके से कार न लाने पर पति ने पत्नी को अपने परिजनों के सहयोग से जमकर मारा पीटा। फिर केरोसिन डालकर जिंदा जलाने का प्रयास किया। आग में झुलसी महिला को अस्पताल लाया गया, जहां नायब तहसीलदार ने पहुंचकर बयान दर्ज किए। तहरीर पर पुलिस ने पति सहित छह लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
घुंघचाई चौकी क्षेत्र के गांव सिमरिया ताल्लुका अजीतपुर बिल्हा निवासी छेदालाल ने अपनी बेटी पिकी देवी की शादी तीन वर्ष पहले पूरनपुर के गांव रम्पुरा कपूरपुर निवासी आदेश से की थी। शादी में हैसियत के अनुसार दहेज दिया। शादी के कुछ दिन बाद ही पति आदेश कुमार, ससुर गंगाराम, सास लज्जावती, फूफी सास रामा पत्नी राजकुमार, गांव लुकटिहाई निवासी नंदोई रमिदर, गांव ककरौआ थाना माधोटांडा निवासी ममेरा जेठ गोपाल कम दान दहेज मिलने का ताना देकर उसे प्रताड़ित करने लगे। मायके से चार पहिया वाहन लाने का उस पर अक्सर दबाव बनाने लगे। मना करने पर पिकी के साथ मारपीट शुरू कर दी। जान से मार देने की धमकी भी दी। महिला ने अपने मायके वालों को बताया तो उन्होंने ससुरालियों को समझाने का प्रयास किया लेकिन वह नहीं माने। दहेज की मांग पूरी न होने के कारण मंगलवार की रात सभी ने एक राय होकर पिकी को जमकर पीटा। गला दबाकर जान से मारने का प्रयास किया। शोर-शराबा सुनकर रात में कुछ लोग आ गए, जिन्होंने उसको बचाया। बुधवार सुबह आरोपितों ने पिकी की हत्या करने की नियत से केरोसिन डालकर आग लगा दी। इससे महिला झुलस गई। महिला की चीख सुनकर गांव के कुछ लोग आ गए जिन्होंने बमुश्किल आग पर काबू पाया। महिला को सरकारी अस्पताल में भर्ती कराया। सूचना पर नायब तहसीलदार अनुराग सिंह ने महिला के बयान दर्ज किए। कोतवाल एसके सिंह ने बताया कि तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। शीघ्र विवेचना कर आरोपितों को गिरफ्तार किया जाएगा।