मकान पर गिरा पेड़, बाल-बाल बचे स्वजन
करनापुर गांव में पाकड़ का पेड़ उखड़ कर पास के मकानों पर गिर गया जिससे एक छप्परपोश मकान टूट गया। एक व्यक्ति के घर की दीवारें ढह गई। गनीमत रही कि हादसे में कोई घायल नहीं हुआ।
पीलीभीत,जेएनएन : करनापुर गांव में पाकड़ का पेड़ उखड़ कर पास के मकानों पर गिर गया, जिससे एक छप्परपोश मकान टूट गया। एक व्यक्ति के घर की दीवारें ढह गई। गनीमत रही कि हादसे में कोई घायल नहीं हुआ।
कई दिनों से क्षेत्र में लगातार हो रही बारिश और तेज हवाओं के चलते सड़क किनारे खेतों व गांव में खड़े पेड़ धराशायी हो रहे हैं। माधोटांडा- पीलीभीत मार्ग पर शुक्रवार को एक पेड़ के गिरने से कई घंटे आवागमन बाधित रहा। वन विभाग व ग्रामीणों की मदद से टूटा पेड़ हटवा कर आवागमन शुरू कराया गया। शुक्रवार शाम तहसील क्षेत्र के करनापुर गांव में शंकरलाल और माखनलाल के घर के निकट खड़ा पाकड़ का पेड़ जड़ से उखड़ कर इन लोगों के मकान पर गिर गया। शंकर लाल के मकान की पक्की दीवारें ढह गईं। माखनलाल का छप्परपोश घर भी टूट गया। ग्रामीणों ने बताया कि पेड़ गिरने के समय दोनों परिवारों के लोग खेतों में धान की निराई करने गए हुए थे, जिससे हादसे का शिकार होने से बच गए।