बाघिन ने दो बछड़ों का किया शिकार
कई दिनों से खारजा नहर किनारे विचरण करती देखी जा रही बाघिन रविवार सुबह माधोटांडा गांव के निकट पहुंच गई। बाघिन ने दो बेसहारा बछड़ों को शिकार बना डाला। खेत में बाघिन को बैठे देख कुछ युवक जान बचाकर वापस लौट आए।
पीलीभीत,जेएनएन : कई दिनों से खारजा नहर किनारे विचरण करती देखी जा रही बाघिन रविवार सुबह माधोटांडा गांव के निकट पहुंच गई। बाघिन ने दो बेसहारा बछड़ों को शिकार बना डाला। खेत में बाघिन को बैठे देख कुछ युवक जान बचाकर वापस लौट आए। दिनभर बाघिन आबादी के नजदीक चहलकदमी करती रही। बाघिन के मूवमेंट की वीडियो भी वायरल हो रही है। मामले की सूचना मिलने पर सामाजिक वानिकी के डीएफओ समेत टीम मौके पर पहुंच गई। फिलहाल क्षेत्रवासियों को सतर्कता बरतने की चेतावनी दी गई है।
बाघिन बछड़े के शव से कुछ दूर गन्ने के खेत में पेड़ के नीचे बैठ गई। जानकारी मिलते ही सामाजिक वानिकी रेंजर मोहम्मद अयूब व बराही के रेंजर डी के गोयल मौके पर पहुंचे। उन्होंने उच्च अधिकारियों को इसकी जानकारी दी। घटनास्थल पर जुटी भीड़ को नियंत्रित करने में पुलिस को काफी मशक्कत करनी पड रही है।
रविवार सुबह करीब 6:00 बजे खारजा नहर की पूर्वी पटरी से बाघिन माधोटांडा गांव के उत्तर दिशा में देवीपुर माइनर क्रास कर जा पहुंची। गन्ने के खेत में मौजूद दो बेसहारा बछड़ों का शिकार कर डाला। कुछ लोगों ने बाघिन को बछड़े के शव के पास बैठे देखा तो जान बचाकर लौट आए। सूचना मिलते ही सामाजिक वानिकी के रेंजर मोहम्मद अयूब व बराही के वन क्षेत्र अधिकारी डीके गोयल थाना प्रभारी निरीक्षक रामसेवक फोर्स के साथ मौके पर पहुंच गए। रेंजर की सूचना पर डीएफओ संजीव कुमार भी मौके पर पहुंच गए। उन्होंने नहर मार्ग से गुजरने वाले वाहनों की आवाजाही रोकने के निर्देश दिए। भीड़ के शोरगुल से बाघिन बछड़े के शव से करीब 200 कदम दूर शगुन सिंह के खेत के पास एक पेड़ के नीचे जा बैठी। दूर से ही लोग बाघिन को देखने का प्रयास करते रहे।
डीएफओ संजीव कुमार ने बताया कि यह दूसरी बाघिन है जो शावकों वाली बाघिन से अधिक उम्र की प्रतीत होती है। कुछ दिनों पहले भी खारजा नहर में इसको रेत में देखा गया था। गौरतलब है हल्दीडेंगा से माधोटांडा वाले खारजा पुल के बीच करीब 5 किलोमीटर दूरी वाले क्षेत्र में पिछले काफी दिनों से एक बाघ के अलावा दो बाघिन देखी जा रही है। किसी भी दिन कोई बड़ी घटना घटित हो सकती है।बाघिन के भय से उगनापुर क्षेत्र में गन्ने की कटाई और छिलाई बंद रही तथा किसान खेतों पर भी नहीं जा सके। रविवार देरशाम तक बाघिन के मूवमेंट को देखने वालों का ताता लगा रहा। कई लोगों ने बाघिन की चहलकदमी को मोबाइल फोन में कैद कर इसका वीडियो भी इंटरनेट मीडिया पर वायरल कर दिया।