किशोरियों से दुष्कर्म के तीन आरोपित गिरफ्तार
शौचालय जाते समय किशोरी को बंधक बनाकर दुष्कर्म करने वाले दोनों आरोपितों को पुलिस ने जेल भेज दिया। दूसरी किशोरी के साथ दुष्कर्म करने वाले नाबालिग को पुलिस ने बाल सुधार गृह बरेली भेजा है।
जेएनएन, पूरनपुर (पीलीभीत): शौचालय जाते समय किशोरी को बंधक बनाकर दुष्कर्म करने वाले दोनों आरोपितों को पुलिस ने जेल भेज दिया। दूसरी किशोरी के साथ दुष्कर्म करने वाले नाबालिग को पुलिस ने बाल सुधार गृह बरेली भेजा है।
कोतवाली क्षेत्र के एक गांव की रहने वाली किशोरी को शुक्रवार की तड़के घर के पास बने शौचालय में जाते समय रास्ते में घात लगाए गए बैठे तीन आरोपितों ने दबोच लिया था। दो आरोपितों ने बंधक बनाकर उसके साथ सामूहिक दुष्कर्म किया था। आरोपित दर्द से तड़प रही किशोरी को छोड़कर भाग निकले थे। पुलिस ने तीनों पर मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी थी। वरिष्ठ उपनिरीक्षक संजय कुमार ने बताया कि मुकदमे में नामजद आरोपित गौरव और वंशी को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया गया है। इसके अलावा नगर के एक मुहल्ला निवासी एक किशोरी के साथ आइसक्रीम दिलाने का झांसा देकर रंजिशन नाबालिग आरोपित ने दुष्कर्म किया था। पांच दिन बाद अपने साथ हुई घटना की परिजनों को जानकारी देने पर नाबालिग समेत तीन के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया था। वरिष्ठ उपनिरीक्षक ने बताया कि नाबालिग को भी गिरफ्तार कर लिया गया है। शनिवार को उसे बाल सुधार गृह बरेली में भेजा गया है।