चंदोखा और शेरपुर गांव में आग से हजारों की क्षति
ग्रामीण के छप्परपोश घर में आग लगने से घरेलू सामान और नकदी समेत हजारों का सामान राख हो गया। मशक्कत के बाद काबू पाया जा सका। शेरपुरकलां गांव में शार्ट सर्किट से आग लग गई। घरेलू सामान जल गया।
पूरनपुर (पीलीभीत) : ग्रामीण के छप्परपोश घर में आग लगने से घरेलू सामान और नकदी समेत हजारों का सामान राख हो गया। मशक्कत के बाद काबू पाया जा सका। शेरपुरकलां गांव में शार्ट सर्किट से आग लग गई। घरेलू सामान जल गया।
घुंघचाई : क्षेत्र के गांव चंदोखा निवासी ओम प्रकाश पुत्र छोटेलाल का छप्परपोश घर गांव के निकास में है। परिवार के लोग शनिवार की रात खाना खा कर सो गए। अचानक पीछे से झोपड़ी में लग गई। रात होने के कारण घर स्वामी को इसकी जानकारी नहीं लग सकी। तेज लपटें उठने पर उसकी आंख खुली जिसपर उसने शोर शराबा शुरू कर दिया, इससे वहां काफी लोग एकत्र हो गए। तब तक लोग आग पर काबू पाते तब तक झोपड़ी में रखा सभी सामान जलकर राख हो गया। ग्रामीण ने बताया कि झोपड़ी में रखे बर्तन, बिस्तर, अनाज, साइकिल और पांच हजार रुपये की नकदी सहित जरूरी कागजात आग की भेंट चढ़ गए। आग में हजारों का नुकसान होने की बात कही है। पीड़ित ने प्रशासन से मुआवजा दिलवाने की मांग की है।
शेरपुरकलां : गांव के मुहल्ला नवदिया के नौशाद के घर शनिवार की रात दो मंजिला कमरे पर शार्ट सर्किट होने से आग लग गई। आग की चपेट में आने से टीवी, कूलर, कपड़े आदि घरेलू सामान जल गया। घर स्वामी अपने पत्नी और बच्चों के साथ ससुराल टंडोला गया था। रास्ते से गुजर रहे ट्रैक्टर ट्राली के चालक के शोर शराबा करने पर मुहल्ले के लोग जाग गए। गेट में ताला पड़े होने से आग पर जल्द काबू नहीं पाया जा सका। हजारों रुपये का नुकसान होने की बात गृहस्वामी ने कही है।