बिजली गिरने से दो किसानों एवं एक महिला की मौत
जिले के बरखेड़ा और न्यूरिया थाना क्षेत्रों में शुक्रवार को कुदरत ने कहर ढा दिया।
पीलीभीत : जिले के बरखेड़ा और न्यूरिया थाना क्षेत्रों में शुक्रवार को कुदरत ने कहर ढा दिया। बिजली गिरने से दो किसानों और एक महिला की मौत हो गई। हादसे से दोनों परिवारों में कोहराम मच गया है।
बरखेड़ा थाना क्षेत्र के गांव रायपुर निवासी 25 वर्षीय अर¨वद कुमार पुत्र लालाराम खेतीबाड़ी कर अपने परिवार का पालन पोषण करता था। शुक्रवार को वह अपने खेत पर काम करने के लिए गया था। तभी अचानक बरसात शुरू हो गई। यह देख अर¨वद कुमार खेत से वापस घर लौटने लगा। रास्ते में देवहा नदी के किनारे बिजली गिरने से वह गंभीर रूप से झ़ुलस गया। हादसे की सूचना पाकर परिवार के लोग मौके पर पहुंच गए। परिवार वाले उसे जिला अस्पताल लेकर आ रहे थे। इस बीच उसने रास्ते में दम तोड़ दिया। अर¨वद की मौत से पूरा परिवार बिखरकर रह गया है। उसके परिवार में पत्नी शांति देवी और एक दो साल का बेटा निहाल है। उसकी मौत के बाद परिवार पर संकट खड़ा हो गया है।
न्यूरिया थाना क्षेत्र के गांव धनकुनी निवासी 55 वर्षीय होरीलाल का भिकारीपुर के पास खेत है। होरीलाल शुक्रवार दोपहर को अपने खेत पर गया था। बरसात शुरू हो जाने के कारण वह एक पेड़ के नीचे बैठ गया था। तभी बिजली गिरने से उसकी मौके पर मौत हो गई। उधर से गुजर रहे ग्रामीणों ने होरीलाल को पड़े देख इसकी जानकारी परिवार को दी। परिवार वालों ने होरीलाल को डाक्टर को दिखाया। डाक्टर ने उसे मृत घोषित कर दिया।
महिला की आकाशीय बिजली गिरने से मौत
पूरनपुर क्षेत्र में शुक्रवार दोपहर चारा काटने गई महिला के ऊपर बिजली गिरने से उसकी मौत हो गयी है। सूचना पर पुलिस ने शव कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
हजारा थाना क्षेत्र के कटान प्रभावित गांव राणाप्रताप नगर निवासी मजदूर हरिश्चंद्र की पत्नी शीला देवी (40) शुक्रवार को पशुओं के लिए चारा काटने के लिए खेत पर गई थी। अचानक दोपहर में घना बादल छा जाने के बाद बारिश शुरू हो गई। महिला चारा काट कर घर वापस लौट रही थी। शारदा नदी के किनारे गांव से कुछ दूरी पहले तेज धमाके के साथ आकाशीय बिजली उसके ऊपर गिर गई। इससे महिला गंभीर रूप से झुलस गई और उसकी मौत हो गयी। महिला के साथ उसका पुत्र भी गया था लेकिन वह उससे कुछ दूरी पर होने से बाल बाल बच गया। परिवार की गुजर बसर मजदूरी से होती है। महिला की अचानक मौत से उसके छोटे छोटे बच्चों का बुरा हाल है।