छह साल की बच्ची की दुष्कर्म के बाद हत्या
माधोटांडा थाना क्षेत्र में छह साल की बच्ची के साथ हैवानियत की शर्मनाक घटना घटी है। गोमती उद्गम स्थल के नजदीक स्थित गन्ने के खेत में शनिवार की सुबह बालिका का शव मिला है। मौके के हालात से गला दबाकर बच्ची की हत्या की आशंका जताई जा रही है।
पीलीभीत,जेएनएन: माधोटांडा थाना क्षेत्र में छह साल की बच्ची के साथ हैवानियत की शर्मनाक घटना घटी है। गोमती उद्गम स्थल के नजदीक स्थित गन्ने के खेत में शनिवार की सुबह बालिका का शव मिला है। मौके के हालात से गला दबाकर बच्ची की हत्या की आशंका जताई जा रही है। गांव के लोग दुष्कर्म के बाद हत्या का कयास लगा रहे हैं। पुलिस ने एक संदिग्ध युवक को हिरासत में लिया है। माधोटांडा थाना क्षेत्र के एक गांव निवासी व्यक्ति के परिवार की ओर से गोमती उद्गम स्थल पर शुक्रवार की शाम धार्मिक कार्यक्रम का आयोजन किया गया था, उनकी छह साल की पुत्री भी अन्य बच्चों के साथ वहां खेल रही थी। शाम करीब पांच बजे बालिका अचानक गायब हो गई। काफी देर तक बालिका दिखाई नहीं दी तो स्वजनों को चिता हुई। स्वजनों ने आसपास के सभी संभावित स्थानों पर बालिका की तलाश की, लेकिन कोई पता नहीं चला। बाद में स्वजनों की ओर से इस बाबत थाना पुलिस को गुमशुदगी की तहरीर दी गई। उधर शनिवार की सुबह स्वजन गांव के अन्य लोगों की मदद से लापता बालिका की तलाश में जुट गए। इस दौरान गोमती उद्गम स्थल नजदीक स्थित गन्ने के खेत में बालिका का शव पड़ा दिखाई दिया। पुलिस अधीक्षक जय प्रकाश, अपर पुलिस अधीक्षक डॉ. पवित्र मोहन त्रिपाठी, सीओ पूरनपुर प्रमोद कुमार यादव पुलिस फोर्स के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने खोजी कुत्ता को भी घटनास्थल का मुआयना कराया है। पुलिस ने छानबीन शुरू कर दी है। पुलिस ने घटनास्थल के नजदीक खेत में छिपे एक संदिग्ध युवक को हिरासत में ले लिया है। यह युवक खेत में नग्न अवस्था में पड़ा मिला है। ---वर्जन---
माधोटांडा थाना क्षेत्र में शुक्रवार की शाम से छह साल की बच्ची लापता हो गई थी। शनिवार की सुबह गन्ने के खेत में शव मिला है। गला दबाकर हत्या की आशंका है। चिकित्सकीय परीक्षण के उपरांत दुष्कर्म होने की स्थिति स्पष्ट होगी। घटना का जल्द वर्कआउट करने के लिए पुलिस टीम को लगाया गया है।
- जय प्रकाश, पुलिस अधीक्षक पीलीभीत