गढ्डों में सफर करना हो तो सिरसा मार्ग पर चलिए
बरेली-हरिद्वार नेशनल हाईवे (30) से सिरसा की ओर जाने वाला संपर्क मार्ग बदहाल है। राहगीरों का निकलना मुश्किल हो रहा है। अप्सरिया नदी पुल के पास सड़क पर गहरा गड्ढा है। बरसात में गड्ढे में पानी भरा रहता है। आएदिन गड्ढे में वाहन फंस जाते हैं।
पीलीभीत,जेएनएन : बरेली-हरिद्वार नेशनल हाईवे (30) से सिरसा की ओर जाने वाला संपर्क मार्ग बदहाल है। राहगीरों का निकलना मुश्किल हो रहा है। अप्सरिया नदी पुल के पास सड़क पर गहरा गड्ढा है। बरसात में गड्ढे में पानी भरा रहता है। आएदिन गड्ढे में वाहन फंस जाते हैं।
तहसील क्षेत्र में पीलीभीत नेशनल हाईवे पर हर्रायपुर अड्डे के पास से निकलने वाला संपर्क मार्ग सिरसा, गोपालनगर, भुड़िया कॉलोनी होते हुए उत्तराखंड को जाता है। इस मार्ग से क्षेत्र के दर्जनों गांवों का रास्ता है। सड़क से दर्जनों गांवों के हजारों लोग सुबह से शाम तक तहसील मुख्यालय आते जाते हैं। इसी मार्ग पर अप्सरिया नदी पड़ती है। करीब दो दशक पहले नदी पर पुल का निर्माण किया गया था। पुल काफी नीचा है और उसकी एक तरफ की साइड में काफी गहरा गढ्ढा बना हुआ है। अक्सर पानी भरा रहता है। ऐसे में लोग जान जोखिम में डालकर निकलते हैं। उस गढ्ढे में काफी समय से लोग गहरे पानी से होकर गुजरते हैं। कई बार राहगीरों की बाइकें व साइकिलें पानी के गड्ढे में गिर चुकी हैं। लोग नदी में गिर घायल भी हुए हैं। लंबे समय से पुल के पास सड़क की हालत बेहद खराब बनी हुई है। क्षेत्रवासियों ने संपर्क मार्ग की मरम्मत कराने की मांग की है।
लंबे समय से पुल के पास सड़क की हालत खराब है। इस सड़क की मरम्मत नहीं हुई है। मार्ग की सही ढंग से मरम्मत हो जाए तो सुविधा रहेगी।
राजेंद्र कुर्मी
दो दशक पहले नदी पर पुल का निर्माण किया गया था। पुल सड़क से काफी नीचा है। बरसात के मौसम में नदी का पानी पुल के ऊपर से बहने लगता है। सड़क पर गहरे गड्ढे हैं।
-नरेश कुमार
इस सड़क से तहसील मुख्यालय जाने के लिए सुबह से शाम तक दर्जनों गांव के लोग गुजरते हैं। सड़क पुल के आस पास काफी समय से बेहद खराब हो चुकी है।
-नेमचंद
सड़क पर गहरे गड्ढों में गिरकर राहगीर घायल हो रहे हैं। महिलाओं, बच्चों को लेकर सड़क पर गुजरना मुश्किल होता है। कई बार गिरकर घायल हो चुके हैं।
-रामचंद्र