कृषि भूमि का न होने पाए कटान : सचिव
शासन के सिचाई एवं जल संसाधन विभाग की सचिव अपर्णा यू ने शनिवार को जिले में बाढ़ से प्रभावित होने वाले दो गांवों का मौके पर जाकर निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने विभागीय अभियंताओं को निर्देश दिए कि कृषि योग्य भूमि का किसी भी दशा में कटान नहीं होना चाहिए।
जेएनएन, पीलीभीत : शासन के सिचाई एवं जल संसाधन विभाग की सचिव अपर्णा यू ने शनिवार को जिले में बाढ़ से प्रभावित होने वाले दो गांवों का मौके पर जाकर निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने विभागीय अभियंताओं को निर्देश दिए कि कृषि योग्य भूमि का किसी भी दशा में कटान नहीं होना चाहिए। बाढ़ से बचाव के लिए जो भी परियोजनाएं चल रही हैं, उन्हें इस माह के अंत तक प्रत्येक दशा में पूरा कर लिया जाए।
शनिवार को उन्होंने अमरिया के ग्राम जगत बरा दुनबा व विकासखंड बरखेड़ा के ग्राम सिमरिया ताराचंद्र में देवहा नदी द्वारा कटान को रोकने के लिए किए जा रहे कार्यों का मौके पर निरीक्षण किया। उन्होंने बरसात से पूर्व समस्त कार्य पूर्ण कर लिए जाने की बात कही। संवेदनशील स्थलों पर विशेष ध्यान देने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि बाढ़ से बचाव के लिए समस्त तैयारियां सुनिश्चित कर ली जाएं। ग्राम सिमरिया ताराचंद्र में देवहा नदी के दाहिने तट पर चल रही बाढ़ परियोजना के कार्यों का निरीक्षण करते हुए उन्होंने अधिशासी अभियंता को इसमें तेजी लाने के निर्देश दिए। निरीक्षण के दौरान मुख्य अभियंता प्रवीन कुमार पांडेय, अधीक्षण अभियंता बाढ़ लखीमपुर खीरी, संतोष कुमार अधिशासी अभियंता बाढ़ खंड, शैलेष कुमार सहायक अभियंता आदि मौजूद रहे।
उन्होंने अमरिया तहसील क्षेत्र के गांव जगत के सामने देवहा नदी के कटान को रोकने के लिए बनाए जा रहे स्परों का निरीक्षण किया। उन्होंने निर्देश दिए कि जून माह के अंत तक काम निपटा लिया जाए। देवहा नदी क्षेत्र में कटान करते हुए गांव तक पहुंच गई है। भूमि कटान को रोकने के लिए बाढ़ खंड द्वारा 2.59 करोड़ की धनराशि से 19 स्परों को 704 मीटर एरिया में बनाया जा रहा है। लगभग आधा कार्य पूरा हो चुका है। सचिव ने शेष बचे कार्य को भी जल्द से जल्द पूरा करने को कहा। निरीक्षण के दौरान विभागीय अभियंता भी मौजूद रहे।