शिक्षित और संगठित होकर आगे बढ़े समाज
सेवाराम नत्थूलाल इंटर कालेज में एक सप्ताह से चल रहे शिक्षा वर्ग कैंप का मंगलवार को समापन हो गया। इसमें बड़ी संख्या में बच्चों ने भाग लिया।
संवाद सूत्र, जोगराजपुर (पीलीभीत): सेवाराम नत्थूलाल इंटर कालेज में एक सप्ताह से चल रहे शिक्षा वर्ग कैंप का मंगलवार को समापन हो गया। इसमें बड़ी संख्या में बच्चों ने भाग लिया। समापन के दौरान विधायक के अलावा कई पदाधिकारी पहुंचे जिन्होंने वर्ग को संबोधित किया।
वक्ताओं ने कहा कि आठ अक्टूबर को आरएसएस की स्थापना हुई थी। स्थापना हुए 95 वर्ष हो चुके हैं। सेवाराम नत्थू लाल इंटर कालेज में इसको लेकर शिक्षा वर्ग का एक अक्टूबर से आयोजन किया गया था। मंगलवार को इसका समापन किया गया। मुख्य वक्ता जिला प्रचारक उमेश कुमार ने कहा कि आरएसएस हमेशा हिदू समाज को संगठित करने का काम करता रहा है। हिदू समाज शिक्षित एवं संगठित होकर आगे बढ़े। संगठन में ही शक्ति होती है। सभी को संगठित होना पड़ेगा। दुर्गा शक्ति पीठ के योगेश्वर जी महाराज मोहनपुर ने भी अपने विचार रखे। उन्होंने कहा कि समाज ने ऊंच नीच, छोटे बड़े, छुआछूत जैसे कुप्रथाओं को खंडित किया है। अब समय आ गया है कि इन सभी से ऊपर उठकर समाज संगठित हो। भाजपा विधायक बाबूराम पासवान ने भी वर्ग को संबोधित किया। राजू आचार्य, अंतराम राठौर, नरेश प्रधान, आशुतोष शर्मा, सुभाष मिश्र, शिव कुमार श्रीवास्तव, सोनू मिश्र, डालचंद, रामचंद्र आर्या, प्रभाष मेहरा, बृजेंद्र शुक्ल आदि मौजूद रहे।