विधायक के खिलाफ गरजे किमसं कार्यकर्ता
बिलसंडा में भाजापा विधायक रामसरन वर्मा के खिलाफ राष्ट्रीय किसान मजदूर संगठन (किमसं) के कार्यकर्ताओं ने मोर्चा खोल दिया है।
पीलीभीत, जेएनएन: बिलसंडा में भाजापा विधायक रामसरन वर्मा के खिलाफ राष्ट्रीय किसान मजदूर संगठन (किमसं) के कार्यकर्ताओं ने मोर्चा खोल दिया है। रविवार को उपमंडी परिसर में कार्यकर्ताओं ने बैठक कर विधायक का विरोध जताया।
बैठक की अध्यक्षता कोषाध्यक्ष गुरनाम सिंह ने की। आंदोलन प्रभारी प्रेम सागर पटेल ने कहा कि शुक्रवार देरशाम क्षेत्रीय विधायक रामसरन वर्मा एसडीएम राकेश गुप्ता के साथ बिलसंडा उपमंडी में धान क्रय केंद्रों का निरीक्षण करने पहुंचे थे। वहां उन्होंने राष्ट्रीय किसान मजदूर संगठन के प्रवक्ता कुलविदर सिंह के लिए अपशब्दों का प्रयोग किया था। उनके इस अपमान को कतई बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। कहा कि विधायक ने विगत वर्ष भी चीनी मिल बीसलपुर में एक किसान को थप्पड़ मारा था। इसका बदला लिया जाएगा। कहा कि अब किसानों की विधायक से आर-पार की लड़ाई होगी। ब्लॉक संयोजक अंग्रेज सिंह, प्रवक्ता कुलविदर सिंह, गुरमेज सिंह, ऋषिपाल सिंह, शेखर वर्मा व गुरबचन सिंह कार्यकर्ताओं समेत तमाम किसान मौजूद रहे। इधर, विधायक रामसरन वर्मा ने किसान मजदूर संगठन कार्यकर्ताओं के विरोध को गलत बताते हुए कहा कि उनका विरोध करने वाले धान माफियाओं से मिले हुए हैं। इस संबंध में जिलाधिकारी से वार्ता कर आवश्यक कार्रवाई कराई जाएगी।