बहनों ने भाइयों की कलाई पर बांधा स्नेह का धागा
भाई-बहन के आपसी स्नेह का प्रतीक त्योहार रक्षाबंधन शहर समेत पूरे जिले में उत्साह के साथ मनाया गया। बहनों ने भाइयों की कलाई पर राखी बांधी। उनके मस्तक पर तिलक करके मिठाई खिलाते हुए मंगल कामना की। इस अवसर पर भाइयों ने भी बहनों को उपहार नकदी आदि भेंटकर उनका सम्मान किया।
पीलीभीत,जेएनएन : भाई-बहन के आपसी स्नेह का प्रतीक त्योहार रक्षाबंधन शहर समेत पूरे जिले में उत्साह के साथ मनाया गया। बहनों ने भाइयों की कलाई पर राखी बांधी। उनके मस्तक पर तिलक करके मिठाई खिलाते हुए मंगल कामना की। इस अवसर पर भाइयों ने भी बहनों को उपहार, नकदी आदि भेंटकर उनका सम्मान किया।
सोमवार को सुबह से ही घरों में पर्व की तैयारियां होने लगीं। कोविड-19 जैसी वैश्विक महामारी के दौर में भी उत्सव धर्मी समाज के उत्साह में कहीं कोई कमी नहीं दिखाई दी। तमाम बहनें काफी लंबी दूरी तय करके कोविड 19 के प्रोटोकाल का पालन करते हुए अपने भाइयों के घरों पर पहुंचीं और परंपरागत ढंग से त्योहार की खुशियां साझा कीं। यह क्रम सुबह से लेकर देर शाम तक चलता रहा।
बीसलपुर : रक्षाबंधन का पर्व एक ऐसा अनूठा पर्व है। जिसके नजदीक आते ही प्रत्येक बहन चाहे कहीं भी हो, अपने भाई को राखी बांधने अवश्य पहुंचती है। सोमवार को यह पर्व बड़े ही उत्साहपूर्ण माहौल में मनाया गया। नगर के मुहल्ला हबीबुल्ला खां शुमाली में अपने भाई एकांश की कलाई पर पहली बार राखी बांधकर उसकी बहन प्रतीक्षा ने उसी लंबी आयु की ईश्वर से प्रार्थना की। इसी तरह से अनेक बहनें अपनी ससुराल से मायके में भाई को राखी बांधने पहुंचीं।
बरखेड़ा : बहनों ने अपने भाइयों की कलाई पर राखी बांधकर उनके दीर्घायु होने की कामना की। रक्षाबंधन पर्व पर कस्बे तथा क्षेत्र में ज्यादा भीड़ भाड़ नहीं रही। ज्यादातर बहनों ने अपने भाइयों को डाक अथवा कोरियर से राखी भेजकर उनकी सुख-समृद्धि के लिए कामना की।
अमरिया : कोरोना संक्रमण के कारण त्योहार कुछ फीका रहा। भाई- बहन के प्यार का पर्व रक्षाबंधन के दिन बाजारों में भीड़ कम रही। सुबह हुई अचानक बारिश का भी असर रहा है।
मझोला : बहनें अपने भाइयों को राखी बांधने के लिए ई-पास के माध्यम से उत्तराखंड के विभिन्न स्थानों पर पहुंचीं। दूसरी ओर अनेक भाई उधर से ई-पास बनवाकर यहां शहर, गांव में रहने वाली अपनी बहनों के घर राखी बंधवाने के लिए पहुंचे। सुबह से ही ई पास बनवाने के लिए लोगों की लाइन लगी रही।
न्यूरिया : भाई -बहन प्यार का त्योहार रक्षाबंधन उत्साह के साथ मनाया गया। बहनों ने भाइयों के तिलक लगाया और मिठाई खिलाकर राखी बांधी। इस दौरान कस्बे में सुरक्षा एवं शांति बनाए रखने के लिए थाना प्रभारी निरीक्षक खीम सिंह जलाल ने पुलिस की टीमें लगाईं। सुरक्षा व्यवस्था को लेकर मुस्तैद रहा प्रशासन
पूरनपुर : नगर और देहात क्षेत्र में भाई बहनों का पर्व रक्षाबंधन धूमधाम के साथ मनाया गया। खराब मौसम भी भाई बहन के प्यार को नहीं रोक सका। बहनों ने भाईयों की कलाई पर राखी बांधकर और तिलक लगाकर उनकी लंबी उम्र की कामना की। भाइयों ने भी उपहार दिए। पर्व को लेकर रविवार को ही लोगों ने खरीदारी शुरू कर दी थी। राखी और मिष्ठान की खरीदारी देर रात तक होती रही। सुबह फिर दुकानों पर भारी भीड़ लग गई। अचानक सुबह मौसम ने करवट बदली लेकिन वह बहनों को अपने भाइयों को तिलक करने से रोक नहीं सकी। देर शाम तक बहनों का भाइयों के पास पहुंचने का क्रम चलता रहा। पर्व को लेकर प्रशासन की पैनी नजर रही। पुलिस और प्रशासनिक अधिकारी नगर का भ्रमण कर जायजा लेते रहे। जोगराजपुर : रक्षाबंधन का पर्व क्षेत्र में धूमधाम के साथ मनाया गया। राखी और मिठाइयों की दुकानों पर खरीदारी के लिए भीड़ देखी गई। दुकानों पर शारीरिक दूरी के नियमों पालन न कर दुकानदार बिक्री करते देखे गए।
माधोटांडा : रक्षाबंधन का पर्व धूमधाम के साथ मनाया गया। सुबह से ही बहनों ने भाइयों के घर पहुंच कर राखी बांधी और उनकी लंबी उम्र की कामना की।
अमरैयाकलां : ग्रामीण क्षेत्र में रक्षाबंधन का पर्व मनाया गया। पूरनपुर-कलीनगर मार्ग पर कोई रोडवेज बस न चलने से राखी बांधने के लिए अपने भाइयों के घर जाने हेतु बहनों को काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ा। बहनों ने अपने भाइयों की कलाई पर रक्षासूत्र बांधकर बहनों को भाइयों ने दक्षिणा भेंट की।