रेल लाइन के विद्युतीकरण का प्रमुख परियोजना निदेशक ने किया निरीक्षण
पीलीभीत,जेएनएन: प्रमुख परियोजना निदेशक विद्युत रेल विकास निगम लिमिटेड (आरबीएनएल) दिल्ली दिनेश चंद्र पांडेय ने टावर वैगन से मैलानी से शाहगढ़ तक विद्युत कार्यों का निरीक्षण किया।
गुरुवार को उन्होंने टावर वैगन से बांकेगंज से मैलानी और मैलानी से शाहगढ़ रेल खंड पर चल रहे रेल विद्युतीकरण के कार्यों का निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने बांकेगंज से मैलानी तक पूर्ण हो चुके विद्युतीकरण के कार्यों की गुणवत्ता, मानकों को गहनता से चेक किया। कमियां मिलने पर उनको शीघ्र ही निस्तारित करने के आदेश दिए। उन्होंने सर्वप्रथम बांकेगंज सेक्शनिंग पोस्ट का निरीक्षण किया, उसके बाद मैलानी रेलवे स्टेशन पर कमियों एवं मानकों को चेक किया व शीघ्र इलेक्ट्रिक इंजन से बांकेगंज से मैलानी तक ट्रायल के लिए आदेशित किया, जिससे प्रमुख मुख्य विद्युत इंजीनियर से निरीक्षण कराकर लखनऊ से मैलानी तक इलेक्ट्रिक ट्रेनों को हरी झंडी दी जा सके। मैलानी से शाहगढ़ रेलखंड में हो रहे रेल विद्युतीकरण कार्य एवं पूरनपुर में बन रहे 132/25 के उपकेंद्र की प्रगति को देखा और उसकी समीक्षा की। शीघ्र पूरा करने के सेक्शन प्रभारी डालीगंज पीलीभीत रेल विद्युतीकरण परियोजना जगन्नाथ मिश्र प्रबंधक आरबीएनएल को आदेशित किया। निरीक्षण के दौरान निश्चल श्रीवास्तव मुख्य परियोजना अधिकारी आरबीएनएल लखनऊ, जगन्नाथ मिश्र प्रबंधक आरबीएनएल लखनऊ, आरडी यादव प्रोजेक्ट मैनेजर, सुभाष त्रिपाठी मैनेजर आरई, डीके तिवारी, विशाल वरुण डिप्टी मैनेजर आरबीएनएल पूरनपुर और कार्यदायी संस्था कल्पतरु पावर ट्रांसमिशन लिमिटेड के प्रोजेक्ट मैनेजर अजय यादव मौजूद रहे।