पुलिस व चाइल्ड लाइन टीम ने रुकवाया बाल विवाह
किशोरी की शादी होने की जानकारी लगते ही पुलिस और चाइल्ड लाइन की टीम घर पहुंच गई। शादी को तत्काल रुकवा दिया। पिता से किशोरी 18 वर्ष की हो जाने के बाद ही शादी करने का शपथ पत्र लिया गया है।
पीलीभीत,जेएनएन : किशोरी की शादी होने की जानकारी लगते ही पुलिस और चाइल्ड लाइन की टीम घर पहुंच गई। शादी को तत्काल रुकवा दिया। पिता से किशोरी 18 वर्ष की हो जाने के बाद ही शादी करने का शपथ पत्र लिया गया है।
नगर से सटे देहात क्षेत्र के एक मुहल्ले में रहने वाली किशोरी की शादी उसके पिता ने पड़ोस के गांव शेरपुरकलां में तय कर दी। शनिवार को बरात आनी थी। बरात की सभी तैयारियां पूरी कर ली गई थीं। इस बीच किसी ने वधू के नाबालिग होने की सूचना पुलिस को दे दी। सूचना मिलते ही पुलिस किशोरी के पिता के घर पहुंच गई। साथ ही जानकारी चाइल्ड लाइन केयर सेंटर पर दी गई। जिला मुख्यालय से टीम किशोरी के घर पहुंची। जांच पड़ताल के बाद उम्र कम होने पर विवाह को रोक दिया गया। चाइल्ड लाइन की तरफ से किशोरी के पिता से घोषणा पत्र भी भरवाया गया, जिसमें किशोरी की शादी 18 वर्ष की उम्र में करने की बात कही गई। इस कार्रवाई के बाद शादी की तैयारियां धरी रह गईं। नगर चौकी इंचार्ज निर्देश चौहान ने बताया कि बरात रुकवा दी गई है। शनिवार को बरात आनी थी। किशोरी के पिता से घोषणापत्र भी चाइल्ड लाइन की तरफ से लिया गया है।