पूर्व चेयरमैन की बेटी मांस समेत गिरफ्तार
पुलिस ने नगर पंचायत के पूर्व चेयरमैन की बेटी समेत दो महिलाओं को मांस समेत गिरफ्तार किया है।
न्यूरिया (पीलीभीत) : पुलिस ने नगर पंचायत के पूर्व चेयरमैन की बेटी समेत दो महिलाओं को मांस समेत गिरफ्तार किया है। पुलिस ने दोनों महिलाओं के खिलाफ गोवध निवारण अधिनियम के अंतर्गत मुकदमा दर्ज कर कोर्ट में चालान किया है।
पुलिस के अनुसार भुजिया मजार के पास दो संदिग्ध महिलाओं को जाते देखकर पूछताछ के लिए रुकने के लिए कहा गया तो दोनों जल्दी जल्दी अपने कदम बढ़ाते हुए पुलिस से दूर निकलने का प्रयास करने लगीं। महिलाओं की हरकत से पुलिस को शक हो गया। दोनों महिलाओं को पुलिस ने आगे बढ़कर रोक लिया। पूछताछ में एक महिला ने नाम अंजुम अफसाना सिद्दीकी पुत्री अहमद हुसैन सिद्दीकी उर्फ छिद्दा मियां बताया। कब्जे से 13 किग्रा पशु का मांस बरामद हुआ। वह कस्बा के ही मुहल्ला यार खां निवासी हैं। छिद्दा मियां कुछ साल पहले नगर पंचायत के चेयरमैन रह चुके हैं। दूसरी महिला ने अपना नाम नईम पत्नी इरफान बताया। वह मुहल्ला तिगड़ी की रहने वाली है। उसके पास से 20 किलो पशु का मांस बरामद हुआ है। थाना प्रभारी निरीक्षक नरेश कश्यप ने बताया कि दोनों महिलाओं का गोवध निवारण अधिनियम के अंतर्गत चालान कर दिया गया है।