विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

बेकार समझी जाने वाली जलकुंभी भी रोशन करेगी नाम, यूपी इंटरनेशनल ट्रेड शो दिखेगा पीलीभीत का अनूठा हुनर

Published: Mon, 21 Sep 2026 01:31 PM (IST)

पीलीभीत की महिलाएं गौतमबुद्ध नगर में होने वाले यूपी इंटरनेशनल ट्रेड शो में जलकुंभी से बने अनूठे उत्पाद प्रदर्शित करेंगी।

जलकुंभी से उत्पाद बनाती समूह की महिलाएं। जागरण

जलकुंभी से उत्पाद बनाती समूह की महिलाएं। जागरण

HighLights

  1. पीलीभीत की महिलाएं जलकुंभी से बने अनूठे उत्पाद प्रदर्शित करेंगी।

  2. यूपी इंटरनेशनल ट्रेड शो गौतमबुद्ध नगर में 25-29 सितंबर तक।

  3. सहेली स्वयं सहायता समूह वैश्विक मंच पर अपनी पहचान बनाएगा।

जागरण संवाददाता, पीलीभीत। उत्तर प्रदेश राज्य ग्रामीण आजीविका मिशन के तहत गौतमबुद्ध नगर में 25 से 29 सितंबर तक यूपी इंटरनेशनल ट्रेड शो होगा। इसमें इस बार जिले की महिलाओं का अनूठा हुनर देखने को मिलेगा। नदियों और तालाबों में बेकार समझी जाने वाली जलकुंभी से बेहतरीन उत्पाद तैयार कर जिले की महिलाएं इस अंतरराष्ट्रीय मंच पर अपनी कामयाबी की कहानी पेश करेंगी।

इस ट्रेड फेयर में जिले के गांव सैदपुर निवासी महिलाओं का सहेली स्वयं सहायता समूह शिरकत करेगा। समूह की सक्रिय सदस्य आशा देवी और राजकुमारी टीम की ओर से बनाए गए जलकुंभी के तमाम उत्पादों को प्रदर्शित करेंगी।

इन पर्यावरण अनुकूल उत्पादों में आकर्षक टोकरियां, पेन स्टैंड, जूट व जलकुंभी के मिश्रण से बने डिजाइनर बैग, मेज और जूता स्टैंड आदि शामिल हैं। सैदपुर की ये महिलाएं पिछले आठ वर्षों से जलकुंभी से ऐसे उपयोगी और टिकाऊ उत्पाद बना रही हैं।

विशेषज्ञों ने दिया प्रशिक्षण 

शुरुआत में इन महिलाओं को विशेषज्ञों ने इसका प्रशिक्षण दिया था। फिर महिलाओं ने इसे ही आजीविका और स्वावलंबन का सशक्त माध्यम बना लिया। इस वर्ष यूपी इंटरनेशनल ट्रेड शो में 80 देशों के विभिन्न उद्यमी प्रतिभाग कर रहे हैं। इतने बड़े वैश्विक मंच पर जिले के सहेली स्वयं सहायता समूह के उत्पादों का पहुंचना जिले के लिए एक बड़ी उपलब्धि है।

ग्रामीण आजीविका मिशन के तहत इस तरह के आयोजनों से स्वयं सहायता समूहों को एक बड़ा बाजार मिलता है। इस ट्रेड शो और ई-सरस, ओएनडीसी जैसे डिजिटल प्लेटफार्म से विपणन की व्यापक संभावनाओं से न केवल महिला सशक्तिकरण को बल मिलेगा, बल्कि जिले के उत्कृष्ट स्थानीय उत्पादों को देश-विदेश में एक नई पहचान भी मिलेगी।

-वंदना सिंह, उपायुक्त, स्वतः रोजगार