Mala Jungle: अचानक ट्रैक पर आ गिरा पेड़, लोको पायलट की सूझबूझ से टला बड़ा ट्रेन हादसा
मैलानी से पीलीभीत जा रही पैसेंजर ट्रेन के सामने माला जंगल में अचानक एक विशाल पेड़ गिर गया। लोको पायलट ...और पढ़ें

माला रेंज में ट्रैक पर गिरा पेड़
HighLights
सडई हाल्ट के आगे अचानक ट्रैक पर गिरा पेड़, पेड़ से टकराने से बची ट्रेन
जागरण संवाददाता, पीलीभीत। मैलानी से पीलीभीत जा रही पैसेंजर ट्रेन के सामने सोमवार को सडई रेलवे हाल्ट से आगे माला जंगल क्षेत्र में अचानक एक पेड़ टूटकर रेलवे ट्रैक पर गिर गया, जिससे ट्रेन को इमरजेंसी में रोकना पड़ा और बड़ा हादसा टल गया।
घटना दोपहर के समय की है जब पैसेंजर ट्रेन माला के घने जंगल से गुजर रही थी तभी तेज आवाज के साथ एक विशाल पेड़ सीधे ट्रैक पर आ गिरा। लोको पायलट की सूझबूझ से समय रहते ब्रेक लगाकर ट्रेन को पेड़ से कुछ मीटर पहले ही रोक दिया गया।
अगर पेड़ चलती ट्रेन के ऊपर गिरता तो बड़ा हादसा हो सकता था। पेड़ गिरने के बाद ट्रेन आगे नहीं बढ़ सकी और यात्रियों में अफरा-तफरी मच गई, हालांकि, किसी यात्री को कोई चोट नहीं आई।
सूचना मिलते ही रेलवे के कर्मचारी और वन विभाग की टीम मौके पर पहुंची और पेड़ को काटकर ट्रैक से हटाने का काम शुरू किया गया। इस दौरान करीब एक घंटे तक रेल यातायात प्रभावित रहा और ट्रेन जंगल में ही खड़ी रही।
स्टेशन मास्टर देवेंद्र कुमार ने बताया कि पेड़ गिरने की सूचना मिली है, टीम को मौके पर भेज दिया गया है और ट्रैक को जल्द साफ कराकर यातायात सुचारु कर दिया जाएगा।
वहीं इस घटना के बाद माला जंगल क्षेत्र में रेलवे ट्रैक के किनारे खड़े जर्जर और सूखे पेड़ों को लेकर सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े हो गए हैं, स्थानीय लोगों का कहना है कि जंगल क्षेत्र में कई पेड़ झुक गए हैं जिनके कभी भी ट्रैक पर गिरने का खतरा बना रहता है। रेलवे को मानसून से पहले इनकी कटाई-छंटाई करनी चाहिए थी।
