विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

फसल का हिसाब निपटाकर घर लौट रहे थे दो दोस्त, टाइगर तिराहा के पास स्कूटी ने मारी टक्कर; एक की गई जान

Published: Sat, 05 Sep 2026 01:39 PM (IST)

पीलीभीत में टाइगर तिराहा के पास बाइक और स्कूटी की टक्कर में मुरारपुर निवासी सत्येंद्र सिंह की मृत्यु हो गई। ...और पढ़ें

मृतक सत्येंद्र का फाइल फोटो। स्रोत स्वजन

मृतक सत्येंद्र का फाइल फोटो। स्रोत स्वजन

HighLights

  1. बटाईदार से हिसाब कर लौट रहे थे दोनों, टाइगर तिराहा के पास आमने-सामने हुई भिड़ंत

जागरण संवाददाता, पीलीभीत। फसल के लिए बटाईदार से खाद-पानी का हिसाब कर बाइक से लौट रहे बहेड़ी के गांव मुरारपुर निवासी सत्येंद्र सिंह की बाइक और स्कूटी की आमने-सामने हुई टक्कर में मृत्यु हो गई, जबकि साथ बैठा दूसरा युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। हादसा कोतवाली सुनगढ़ी क्षेत्र में आसाम चौराहा के आगे टाइगर तिराहा के पास शुक्रवार देर शाम करीब आठ बजे हुआ।

बरेली के बहेड़ी क्षेत्र के गांव मुरारपुर निवासी सत्येंद्र सिंह ने अपनी खेती गजरौला कलां थाना क्षेत्र के गांव सकतपुर में बटाई पर दे रखी है। वह शुक्रवार सुबह गांव के ही मुनीष के साथ सकतपुर में अपनी खेती में खाद-पानी का हिसाब करने और फसल देखने गए थे।

दिन भर खेत पर बटाईदार के साथ हिसाब-किताब और कामकाज निपटाने के बाद दोनों बाइक से अपने गांव मुरारपुर लौट रहे थे। जैसे ही उनकी बाइक सुनगढ़ी कोतवाली क्षेत्र में टाइगर तिराहा के पास पहुंची।

तभी पीलीभीत की ओर से पूरनपुर की तरफ जा रही तेज रफ्तार स्कूटी ने सामने से उनकी बाइक में जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि दोनों बाइक सवार उछलकर सड़क पर दूर जा गिरे और बाइक व स्कूटी क्षतिग्रस्त हो गई।

हादसे के बाद मौके पर राहगीरों की भीड़ लग गई। राहगीरों ने ही घटना की सूचना सुनगढ़ी कोतवाली पुलिस को दी। पुलिस ने दोनों घायलों को एंबुलेंस की मदद से जिला अस्पताल भिजवाया, जहां चिकित्सकों ने परीक्षण के बाद सत्येंद्र को मृत घोषित कर दिया।

जबकि मुनीष का जिला अस्पताल में उपचार चल रहा है। कोतवाली प्रभारी निरीक्षक नरेश त्यागी ने बताया कि सूचना पर पुलिस बल मौके पर भेजा गया था। स्कूटी सवार को हिरासत में लेकर स्कूटी को थाने में खड़ा करा दिया गया है। शिकायत के आधार पर कार्रवाई की जाएगी।

यह भी पढ़ें- पीलीभीत में चौखट तक पहुंचे तेंदुए: गन्ने के खेतों में पानी भरा तो गांवों में बढ़ा खतरा, 12 फीट ऊंची फेंसिंग भी फेल