Pilibhit : जमीन बंटवारे को लेकर दंपति ने ग्रामीण पर धारदार हथियार से किया हमला, पुलिस ने दर्ज की प्राथमिकी
जमीन के बंटवारे की रंजिश में दंपति ने घर में घुसकर ग्रामीण पर बांका से ताबड़तोड़ हमला कर दिया। जिसमें ग्रमीण गंभीर रूप से घायल हो गया। उसे उपचार के लिए जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
जागरण संवाददाता, पीलीभीत : जमीन के बंटवारे की रंजिश में दंपति ने घर में घुसकर ग्रामीण पर बांका से ताबड़तोड़ हमला कर दिया। जिसमें ग्रमीण गंभीर रूप से घायल हो गया। उसे उपचार के लिए जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है। घायल की पत्नी के प्रार्थना पत्र पर पुलिस ने आरोपितों के विरुद्ध प्राथमिकी लिखकर विवेचना शुरू कर दी है।
जमीन बंटवारे में चल रहा था विवाद
सुनगढ़ी थाना क्षेत्र के अंतर्गत गांव गौहनिया निवासी देवऋषि की पत्नी गुड़िया ने पुलिस को प्रार्थना पत्र दिया। इसमें कहा गया कि गांव के ही निवासी जगदीश और उनकी पत्नी सुधा से उसके परिवार का जमीन के बंटवारे को लेकर विवाद चल रहा है। इस विवाद के चलते दंपति उससे रंजिश मानते रहे हैं।
इसी रंजिश को लेकर विगत 26 मई की रात लगभग 9 बजे दंपति ने धारदार हथियारों के साथ घर में घुसकर हमला कर दिया। उसके पति पर बांका से ताबड़तोड़ कई प्रहार किए। जिससे उसका पति गंभीर रूप से घायल हो गया। शोर मचाने पर आसपास के अनेक लोग एकत्र हो गए। जिसके बाद आरोपित दंपती जान से मारने की धमकी देते हुए फरार हो गए।
गंभीर हालत में कराया गया भर्ती
उसके पति को गंभीर हालत में जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है। पुलिस ने प्रार्थना पत्र के आधार पर आरोपितों के विरुद्ध प्राथमिकी लिखी है। थाना प्रभारी निरीक्षक जगत सिंह के अनुसार घटना जमीन विवाद की रंजिश में हुई है। घायल का जिला अस्पताल में इलाज चल रहा है। आरोपितों की तलाश की जा रही है। जल्द ही उनकी गिरफ्तारी की जाएगी।