पीलीभीत में मुस्लिम समुदाय ने पेश की एकता और भाईचारे की मिसाल, कांवड़ यात्रा के लिए हटाई बरावफात की सजावट
पीलीभीत में मुस्लिम समुदाय ने कांवड़ यात्रा के लिए बरावफात की सजावट हटाकर हिंदू-मुस्लिम एकता की मिसाल पेश की। उन्होंने शिवभक्तों की सुविधा सुनिश्चित करने के लिए यह कदम उठाया।

कांवड़ यात्रा के लिए हटाई बरावफात की सजावट।
HighLights
मुस्लिम समुदाय ने कांवड़ यात्रा के लिए सजावट हटाई।
शिवभक्तों की सुविधा हेतु लिया गया यह निर्णय।
न्यूरिया में हिंदू-मुस्लिम एकता और भाईचारे की मिसाल।
संवाद सूत्र, न्यूरिया। कस्बे में मुस्लिम समुदाय ने हिंदू-मुस्लिम एकता और भाईचारे की मिसाल पेश की। कांवड़ यात्रा को सुगम बनाने के लिए मुस्लिम समुदाय के लोगों ने बरावफात के मौके पर की सजावट को खुद हटाकर शिवभक्तों के लिए मार्ग खोल दिया।
बताया गया कि न्यूरिया क्षेत्र में बरावफात पर्व को लेकर मस्जिदों और बाजार में आकर्षक सजावट की गई थी। इसी बीच कांवड़ यात्रा का रूट भी उसी मार्ग से होकर गुजरना था, इससे ऊंची सजावट के कारण कांवड़ियों को परेशानी होने की संभावना थी। इसको देखते हुए मुस्लिम समुदाय के लोगों ने आपसी सहमति से सजावट को खोलकर हटा दिया, ताकि शिवभक्तों को किसी तरह की दिक्कत न हो।
समुदाय के लोगों ने कहा कि धर्म से बड़ा भाईचारा है और कांवड़ यात्रा के दौरान शिवभक्तों की सुविधा का ध्यान रखना सभी का कर्तव्य है। लोगों ने कहा कि न्यूरिया की गंगा-जमुनी तहजीब और सांप्रदायिक सौहार्द की यह मिसाल पूरे समाज के लिए प्रेरणादायक है। इससे आपसी एकता को मजबूती मिलेगी।
