प्रेमी ने किया ब्लैकमेल तो प्रेमिका बनी कातिल; पहले रॉड से मारा, फिर केबिन में उड़ेल दिया डीजल
पीलीभीत में अनैतिक संबंधों के खौफनाक अंजाम में, एक महिला ने प्रेमी द्वारा ब्लैकमेल किए जाने पर उसे ट्रक में ...और पढ़ें

पुलिस की गिरफ्त में आरोपित महिला
HighLights
आरोपित बोली-ब्लैकमेल करने लगा था बलविंदर, फोन काल डिटेल ने खोली पोल
संवाद सहयोगी, पूरनपुर (पीलीभीत)। अनैतिक संबंधों का बेहद खौफनाक परिणाम हुआ। तीन साल संबंधों के बाद शादीशुदा अमनदीप कौर को डर सताया कि प्रेमी बलविंदर के कारण वैवाहिक जीवन खतरे में है। उसने पीछा छुड़ाने के लिए 10 जुलाई को बलविंदर को ट्रक समेत जलाकर मार डाला। शुरुआत में वैसा ही हुआ, जैसा वह चाहती थी। पुलिस बलविंदर की मौत को हादसा मान रही थी, मगर एक शक ने हत्याकांड की पर्तें उधेड़ दीं। मंगलवार को आरोपित अमनदीप कौर को गिरफ्तार कर लिया गया।
रामपुर के बोसैना गांव निवासी बलविंदर अपना ट्रक चलाते थे। वह 10 जुलाई की सुबह ट्रक में फोम आदि लेकर नेपाल के लिए रवाना हुए थे। उसी रात पूरनपुर में बड़ी नहर के पास ट्रक में आग लगने से बलविंदर की मौत हो गई।
आरंभिक तौर पर पुलिस मान रही थी कि शार्ट सर्किट से हादसा हुआ होगा। बलविंदर के भाई गुरमीत सिंह इससे संतुष्ट नहीं थे। उन्हें शक था कि 10 जुलाई को रामपुर में भाई का कुछ लोगों से झगड़ा हुआ था, उन्हीं ने पीछा कर हत्याकांड किया होगा।
24 जुलाई को उन्होंने पूरनपुर थाने में अज्ञात के विरुद्ध हत्या की प्राथमिकी दर्ज कराई। पुलिस के अनुसार, जिन लोगों से झगड़े की बात कही गई, उनकी लोकेशन घटनास्थल पर नहीं थी। जांच के दौरान सर्विलांस टीम को बलविंदर का एक और फोन नंबर मिला।
इसकी जानकारी स्वजन को भी नहीं थी। उस नंबर से उनकी अमनदीप कौर से लंबी बातचीत हुई थी। उसकी लोकेशन भी घटनास्थल पर थी। इसी आधार पर उत्तराखंड के रुद्रपुर से अमनदीप कौर को पूरनपुर लाया गया।
वह मूलरूप से रामपुर के बड़ा बरसाना गांव की रहने वाली है, शादी के बाद रुद्रपुर में रहने लगी। उसने स्वीकारा कि तीन साल से बलविंदर से प्रेम संबंध थे। अब वैवाहिक जीवन में दरार आने का डर सताया तो दूरी बनाने लगी।
बलविंदर इससे नाराज होकर धमकाने लगा कि फोटो व वीडियो इंटरनेट मीडिया पर प्रसारित कर देगा। 10 जुलाई को भी उसने फोन कर रास्ते में मिलने बुलाया। पूरनपुर में खड़े ट्रक के केबिन में उससे बहस हो रही थी।
उसी दौरान उसके सिर पर लोहे की राड मार दी। वह बेहोश हुआ तो केबिन में रखी डीजल की केन उड़ेलकर आग लगा दी, ताकि हादसा प्रतीत हो। खाली केन व लोहे की रॉड खेत में फेंक दी थी। यदि केबिन से उसके अवशेष मिलते तो आग लगाने के सुराग छूट सकते थे।
आरोपित अमनदीप कौर की काल डिटेल, लोकेशन आदि से पर्याप्त साक्ष्य एवं सुराग मिले। उसने पूछताछ में स्वीकारा कि पीछा छुड़ाने के लिए बलविंदर की हत्या कर दी थी। पहले से दर्ज प्राथमिकी में उसका नाम शामिल किया गया है।
- सुकीर्ति माधव, एसपी
यह भी पढ़ें- दहेज की बलि चढ़ती उम्मीदें: पीलीभीत में पुलिस की अनदेखी से तंग महिला टावर पर चढ़ी, गले में बांधा फंदा
