मंदिर जा रहा था पालिकाकर्मी, रास्ते में झगड़ा देखने रुका… अचानक चली गोली सीने में आ धंसी, मची अफरातफरी
बीसलपुर में झगड़े के दौरान मंदिर जा रहे पालिका कर्मी धर्मेंद्र कुमार को सीने में गोली लग गई, जिससे उनकी ...और पढ़ें

HighLights
पालिका कर्मी धर्मेंद्र कुमार को सीने में गोली लगी।
बीसलपुर में झगड़े के दौरान हुई यह घटना।
घायल बरेली के निजी अस्पताल में भर्ती, हालत गंभीर।
जागरण संवाददाता, पीलीभीत। बीसलपुर के मुहल्ला हबीबुल्लाह खां शुमाली में शुक्रवार देर रात दो पक्षों में विवाद के दौरान चली गोली मंदिर जा रहे मुहल्ला निवासी धर्मेंद्र कुमार के सीने में जा लगी। गोली लगने से वह लहूलुहान होकर वहीं गिर पड़े। घटना के बाद मुहल्ले में अफरा-तफरी मच गई।
मुहल्ले के लोग उन्हें लेकर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र बीसलपुर पहुंचे, वहां प्राथमिक उपचार के बाद हालत नाजुक होने पर डाक्टरों ने जिला अस्पताल रेफर कर दिया, लेकिन स्वजन ने उन्हें लेकर बरेली गए और निजी अस्पताल में भर्ती कराया।
यह है पूरा मामला
घायल धर्मेंद्र कुमार नगर पालिका में आउटसोर्सिंग कर्मचारी है और सुभाष पार्क की देखभाल करते हैं। उसने अस्पताल में बताया कि रात में कस्बे के प्रसिद्ध गुलेश्वरनाथ मंदिर में दर्शन करने जा रहे थे, तभी रास्ते में कुछ लोग आपस में झगड़ा कर रहे थे। वह झगड़े को देखकर वहां से गुजर ही रहा था कि अचानक गोली चल गई जो उसके सीने में जा लगी।
गोली लगते ही हमलावर मौके से फरार हो गए। कोतवाली पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण कर लोगों से पूछताछ की। कोतवाली प्रभारी निरीक्षक संजीव कुमार ने बताया कि मामला प्रथम दृष्टया संदिग्ध प्रतीत हो रहा है।
पीड़ित ने बताया कि उसे गोली रात आठ बजे लगी थी, जबकि पुलिस को इसकी सूचना रात 12 बजे मिली। समय में अंतर को लेकर पुलिस जांच कर रही है। उन्होंने कहा कि घायल को इलाज के लिए भेजा है। होश में आने पर उसका बयान दर्ज किया जाएगा और झगड़ा करने वाले लोगों की पहचान कर आगे की वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।
सीओ बीसलपुर राहुल पांडेय ने बताया कि घायल बरेली के अस्पताल में भर्ती है। शिकायती पत्र मिलने पर प्राथमिकी पंजीकृत करके अग्रिम कार्रवाई की जाएगी।
