विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

पीलीभीत लेपर्ड सफारी के लिए 1 करोड़ का बजट जारी, अगले महीने सीएम योगी कर सकते हैं शिलान्यास

Published: Mon, 14 Sep 2026 11:08 AM (IST)

पीलीभीत के गोपालपुर वनक्षेत्र में प्रस्तावित लेपर्ड सफारी पार्क के निर्माण के लिए एक करोड़ रुपये का बजट जारी हो गया है।

पहली तस्वीर AI जेनेरेटेड है

पहली तस्वीर AI जेनेरेटेड है

HighLights

  1. लेपर्ड सफारी पार्क के लिए एक करोड़ का बजट जारी।

  2. अगले माह मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ कर सकते हैं शिलान्यास।

  3. पीलीभीत में ईको-पर्यटन को मिलेगा बड़ा बढ़ावा।

सृजित अवस्थी, पीलीभीत। गोपालपुर वनक्षेत्र में प्रस्तावित लेपर्ड सफारी पार्क के निर्माण की राह आसान हो गई है। शासन की ओर से लेपर्ड सफारी के शिलान्यास और शुरुआती विकास कार्यों के लिए एक करोड़ रुपये का बजट जारी कर दिया गया है। बजट से सफारी क्षेत्र में जरूरी कार्य कराए जाएंगे। उम्मीद है कि अगले माह इस लेपर्ड सफारी का शिलान्यास कर दिया जाएगा।

पीटीआर में बाघों की बढ़ती आबादी के कारण तेंदुए अपने लिए नए और सुरक्षित ठिकाने तलाश रहे हैं। इसके चलते जिले की दियोरिया रेंज और शाहजहांपुर जिले की खुटार रेंज का सामाजिक वानिकी जंगल तेंदुओं के लिए एक बेहतर और सुरक्षित वास स्थल बनकर उभरा है।

30 किलोमीटर लंबा सफारी रूट तैयार करने का प्रयास

तेंदुओं की इसी आबादी को देखते हुए डीएफओ सामाजिक वानिकी ने इस क्षेत्र में लेपर्ड सफारी पार्क का विस्तृत प्रोजेक्ट तैयार कर मुख्य वन संरक्षक के माध्यम से शासन को भेजा था। इस प्रोजेक्ट के तहत कुल 49 करोड़ रुपये की डीपीआर बनाई गई है।

योजना के अनुसार, दोनों रेंजों के करीब 1700 हेक्टेयर वन क्षेत्र को मिलाकर लेपर्ड सफारी पार्क विकसित किया जाएगा। जंगल के इस विशेष कॉरिडोर में 30 किलोमीटर लंबा सफारी रूट तैयार करने का प्रयास किया जा रहा है। जिसमें आवागमन के लिए दो मुख्य गेट लगाए जाएंगे।

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ कर सकते हैं शिलान्यास

इस सफारी का मॉडल ऐसा होगा कि इसमें तेंदुए खुले जंगल में विचरण करेंगे। जबकि पर्यटक पूरी तरह से सुरक्षित पिंजरेनुमा वाहनों में बैठकर जंगल के अंदर जाएंगे। इस सफारी के लिए शासन की ओर से एक करोड़ रुपए का बजट जारी कर दिया गया है।

यह भी पढ़ें- यूपी के स्कूलों में बैन होगा सिंगल यूज प्लास्टिक, 1 अक्टूबर से चलेगा स्वच्छता अभियान

इस बजट से आवागमन के लिए आवश्यक संपर्क मार्ग बनाने के साथ आवश्यक स्थानों पर फेंसिंग जैसे कार्य कराए जाएंगे। सरकार के इस प्रोजेक्ट का शिलान्यास सूबे के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ से कराने की संभावना है। उम्मीद जताई जा रही है कि अगले माह प्रस्तावित सफारी की आधारशिला रखी जाएगी।

लेपर्ड सफारी के लिए डीपीआर बनाकर शासन को भेजी गई थी। शासन की ओर से एक करोड़ रुपए का बजट जारी किया गया है। बजट से आवश्यक कार्य शुरू करा दिए गए हैं। उम्मीद है कि लेपर्ड सफारी जिले के ईको पर्यटन के ग्राफ को और अधिक ऊपर लेकर जाएगी।

                                                                  भरत कुमार डीके, डीएफओ, सामाजिक वानिकी