लखीमपुर से अमृतसर जा रही बस में दौड़ा 11KV का करंट, चालक की एक समझदारी ने बचाई 40 जिंदगियां
पीलीभीत के बिलसंडा में एक निजी बस हाईटेंशन लाइन की चपेट में आने से उसमें करंट दौड़ गया। हादसे में ...और पढ़ें

एआई इमेज है।
HighLights
पीलीभीत में 15 फीट पर लटके तारों की चपेट में आई बस
जागरण संवाददाता, पीलीभीत। 40 यात्रियों को लखीमपुर खीरी से अमृतसर लेकर जा रही डबल डेकर बस बुधवार को हाईटेंशन तारों की चपेट में आ गई। उसमें करंट दौड़ने से यात्रियों में चीख-पुकार मची, वे खिड़कियों से कूदने लगे। गनीमत रही कि चालक ने बस तत्काल आगे बढ़ा दी, जिससे बड़ी घटना होने से बच गई।
हादसे में एक यात्री गंभीर रूप से झुलस गया। आरंभिक जांच में पता चला कि डबल डेकर बस की ऊंचाई 15 फीट थी। उतनी ही ऊंचाई पर हाईटेंशन लाइन थी। उसके तार बस की छत पर छू गए थे।
लखीमपुर खीरी के पलिया से चली बस दोपहर को बिलसंडा के कमल चौराहा पहुंची थी। वहां लंबा जाम लगा देखकर चालक ने बस सड़क से नीचे उतारकर आगे बढ़ा रहा था। उसी दौरान हाईटेंशन लाइन के तार बस की छत से छू गए।
प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि बस में करंट दौड़ा मगर, तुरंत आगे बढ़ गई थी। अफरातफरी के दौरान यात्री कूदकर भागने लगे थे। थाना प्रभारी जगदीप सिंह मलिक ने बताया कि पलिया निवासी भरत करंट से ज्यादा झुलस गए थे।
उन्हें सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती कराया गया। अन्य यात्रियों को करंट लगा, परंतु अधिक नुकसान नहीं हुआ। वे लोग पुलिस पहुंचने से पहले प्राथमिक उपचार करा चले गए।
बिजली निगम के अधिशासी अभियंता रमेश कुमार ने बताया कि कमल चौराहा के पास हाईटेंशन लाइन 15 फीट से अधिक ऊंचाई पर है। बस की ऊंचाई अधिक होने एवं सड़क से अलग चलने के कारण तारों से छू गई होगी। इस संबंध में पुलिस या किसी यात्री की ओर से सूचना नहीं मिली।
