खंभे से बांधकर युवक की बेरहमी से पिटाई, पीलीभीत में तालिबानी करतूत का वीडियो वायरल
पीलीभीत के बरखेड़ा में एक युवक को खंभे से बांधकर बेरहमी से पीटा गया, जिसका वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल ...और पढ़ें

बरखेड़ा क्षेत्र के गांव में खंभे से बंधा युवक। स्रोत वीडियो ग्रैव
HighLights
24 मार्च की सुबह चार बजे आरोपितों ने पकड़ लिया था युवक
पुलिस ने चार लोगों पर लिखी प्राथमिकी, दो को भेजा गया जेल
संवाद सूत्र, बरखेड़ा (पीलीभीत)। सुबह चार बजे के करीब टहलने के लिए गए युवक को दूसरे गांव के लोगों ने पकड़ लिया। युवक का अपहरण करके खंभे में बांधकर जमकर पीटा। आरोपितों ने खंभे से बांधकर पीटने का वीडियो भी बना लिया, जिसको इंटरनेट मीडिया पर प्रसारित कर दिया गया। इस मामले में पीड़ित युवक के पिता की ओर से चार आरोपितों के विरुद्ध प्राथमिकी पंजीकृत की गई, जिसमें से पुलिस ने दो आरोपितों को गिरफ्तार भी कर लिया।
बरखेड़ा थाना क्षेत्र के गांव पौटा कलां निवासी युवक आरिफ की एक वीडियो इंटरनेट मीडिया पर जमकर प्रसारित हो रही है। प्रसारित वीडियो में कुछ लोग युवक को खंभे से बांध कर पीटते नजर आ रहे हैं। मारपीट का वीडियो गांव खमरिया में बनाया गया। पीड़ित आरिफ के पिता शफीक अहमद ने पुलिस से मामले की शिकायत की।
उन्होंने पुलिस को बताया कि 24 मार्च की सुबह उनका बेटा टहलने निकला था, तभी खमरिया गांव के कुछ दबंगों ने उसका अपहरण कर लिया। आरोप है कि आरिफ को नशा सुंघाकर अपहरण किया गया। इसके बाद बंधक बनाने के बाद खंभे से बांधकर मारपीट की गई।
इसके बाद आरोपितों ने लात-घूसों से बुरी तरह पीटा। पीटने वालों में खमरिया गांव के तालिब, कैसर, पप्पू और एक अज्ञात युवक शामिल था। पुलिस ने चारों आरोपितों के विरुद्ध प्राथमिकी पंजीकृत कर ली गई। अज्ञात युवक की पहचान रेहान के रूप में हुई। पुलिस ने तालिब और रेहान को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया।
अपहरण करने, नशा सुंघाने जैसे आरोप निराधार हैं। लड़की के स्वजन ने पीड़ित के साथ मारपीट की थी। शनिवार को पीड़ित के पिता ने शिकायती पत्र दिया, जिसके आधार पर आरोपितों के विरुद्ध प्राथमिकी पंजीकृत की गई।दो आरोपितों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया गया।
- प्रगति चौहान, सीओ बीसलपुर
यह भी पढ़ें- पीलीभीत: गैस किल्लत से बचने का शानदार मौका, पर आखिर क्यों सुस्त है PNG कनेक्शन की रफ्तार?
