कार्यकर्ता एक हाथ में झंडा और दूसरे हाथ में डंडा लेकर चलें
राष्ट्रीय स्वयं सेवक संघ के जिला संपर्क प्रमुख डॉ. रविशरण सिंह चौहान ने कहा है कि युवा राष्ट्र की सबसे बड़ी ताकत हैं। वह समाज व राष्ट्र उत्थान में बढ़ चढ़कर भागीदारी निभाएं।
बीसलपुर (पीलीभीत) : राष्ट्रीय स्वयं सेवक संघ के जिला संपर्क प्रमुख डॉ. रविशरण सिंह चौहान ने कहा है कि युवा राष्ट्र की सबसे बड़ी ताकत हैं। वह समाज व राष्ट्र उत्थान में बढ़ चढ़कर भागीदारी निभाएं।
श्री चौहान सरस्वती विद्या मंदिर इंटर कालेज में संघ के चल रहे प्राथमिक अभ्यास प्रशिक्षण वर्ग शिविर में कार्यकर्ताओं को संबोधित कर रहे थे। उन्होंने संघ के इतिहास पर प्रकाश डालते हुए कहा कि यह एक मात्र ऐसी संस्था है जो निस्वार्थ भाव से राष्ट्र व समाज हित के लिए कार्य कर रही है। पूरे देश में संघ की शाखाएं संचालित हैं। प्रत्येक संघ कार्यकर्ता समर्पण की भावना से कार्य कर रहा है चाहे वह समाजिक क्षेत्र हो या राष्ट्रहित के कार्य हों। 1925 में विजयदशमी पर्व पर नागपुर में संस्था का गठन किया गया था। उन्होंने सुझाव दिया कि कार्यकर्ता एक हाथ में देश की संस्कृति का झंडा व दूसरे हाथ में डंडा लेकर चलें, जिससे अराजक तत्वों से निपटा जा सके। संघ की नवगठित कार्यकारिणी गठित की गई जिसमें राधेश्याम अग्रवाल नगर संचालक, डॉ. राजेश कुमार शर्मा समन्वयक, अवकाश प्राप्त इकाई, वीरेंद्र कुमार अग्रवाल जिला समन्वयक सामाजिक क्षेत्र, रोहिताश कुमार गंगवार व्यापारिक समन्वयक, महिपाल गंगवार कृषि समन्वयक, अवनीशचंद्र त्रिगुणायत महंत समन्वयक, डॉ. थम्मनलाल वर्मा लेखन एवं बुद्धिजीवी समन्वयक, डॉ. राजेश गुप्ता जिला समन्वयक की घोषणा की गई। इस मौके पर सहविभाग प्रचारक भद्रपाल गंगवार, डॉ पूरनलाल गंगवार, सत्यपाल, अभिनव मिश्र, रवि सक्सेना, अखिलेश मिश्र, नरेंद्र सिह, राकेश सिंह, राजगोपाल, प्रशांत मिश्र, राकेश कश्यप संघ कार्यकर्ता मौजूद रहे।