पूरनपुर मंडी में कई दिन बाद धान भरी ट्रालियां की गई अंदर
कृषि उत्पादन मंडी समिति के मुख्य गेट पर दोनों तरफ वाहनों में धान लेकर खड़े किसानों को कई दिन बाद रविवार को प्रवेश दिया गया।
जेएनएन, पीलीभीत: कृषि उत्पादन मंडी समिति के मुख्य गेट पर दोनों तरफ वाहनों में धान लेकर खड़े किसानों को कई दिन बाद रविवार को प्रवेश दिया गया। अभी किसानों को धान की तौल कराने में और भी लंबा वक्त लग सकता है।
मंडी में लगे क्रय केंद्रों पर धान की अधिक आवक हो गई थी। क्रय केंद्रों के आसपास और पूरे परिसर में धान की ढेरियां लग गई थी। क्रय केंद्रों पर खरीद में लंबा समय लग जाने के कारण किसान बेहद परेशान नजर आ रहे थे। प्रशासनिक अधिकारियों ने करीब चार दिन पहले धान की ट्रालियों को गेट पर ही रोक दिया था। इससे काफी दूर तक पूरनपुर-माधोटांडा सड़क के दोनों तरफ वाहन खड़े हो गए। खरीद में तेजी आने और परिसर खाली होने के बाद रविवार को बाहर खड़े ट्रैक्टर ट्रालियों को अंदर प्रवेश दिया गया। परिसर और क्रय केंद्रों पर अभी भी कई किसानों की ढेरियां लगी हुई हैं। इससे धान बिक्री करने के लिए किसानों को और इंतजार करना पड़ सकता है। क्षेत्रीय विपणन अधिकारी लालचंद ने बताया कि धान में अभी नमी अधिक है। इसके चलते कुछ समय तौलने में लगेगा। बाहर खड़े सभी ट्रैक्टर-ट्रालियों को प्रवेश दिया गया है।