पिता को लाठी से पीटकर मार डाला
थाना सेहरामऊ उत्तरी क्षेत्र के गांव सोंधा में 65 वर्षीय पिता रामस्वरूप की बेटे नवीन ने लाठी से पीटकर हत्या कर दी। घायलावस्था में वृद्ध को अस्पताल लाया गया जहां चिकित्सक ने मृत घोषित कर दिया।
पीलीभीत,जेएनएन : थाना सेहरामऊ उत्तरी क्षेत्र के गांव सोंधा में 65 वर्षीय पिता रामस्वरूप की बेटे नवीन ने लाठी से पीटकर हत्या कर दी। घायलावस्था में वृद्ध को अस्पताल लाया गया जहां चिकित्सक ने मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने आरोपित के खिलाफ गैर इरादतन हत्या का मुकदमा दर्ज कर उसे गांव के पास के ही गन्ने के खेत से दबोच लिया। वारदात सोमवार की रात साढ़े 12 बजे के करीब की है। रामस्वरूप के दो बेटों में बड़ा बेटा नवीन अविवाहित है। छोटे बेटे मुकेश की शादी हो चुकी है। दस दिन पहले मुकेश मां रामबेटी और पत्नी नीरज के साथ बीमार मामा को देखने के लिए पड़ोस के गांव नजीरगंज गए थे। घर में रामस्वरूप और नवीन थे। नवीन का अक्सर पिता से विवाद होता रहता था। रात के समय पिता के नींद में खर्राटे भरने को लेकर उसका विवाद हो गया। पड़ोस के लोगों और ग्राम प्रधान अनूप सिंह ने काफी समझाया लेकिन वह शांत नहीं हुए। सूचना पर मुकेश रात साढ़े 12 बजे के करीब मां को लेकर गांव पहुंचा। उस समय दोनों लोगों में झगड़ा हो रहा था। मुकेश ने भाई को समझाने की कोशिश की लेकिन वह नहीं माना। लगातार झगड़ा करता रहा। नवीन ने अचानक पिता को लाठी से पीटना शुरू कर दिया। घर के सामने रास्ते पर ताबड़तोड़ कई प्रहार कर गंभीर घायल कर दिया। पिता को मरा समझकर मौके से भाग निकला। एंबुलेंस की मदद से रामस्वरूप को पूरनपुर अस्पताल लाया गया जहां डाक्टर ने मृत घोषित कर दिया। हत्या करने के बाद गन्ने के खेत में छिप गया था आरोपित
नवीन पिता की लाठी डंडों से पीटकर हत्या करने के बाद पास के ही गन्ने के खेत में छिप गया। दोपहर के समय जब कुछ लोगों ने उसे गन्ने में छिपा देखा तो सूचना थाना पुलिस को दी। पुलिस ने आरोपित को गिरफ्तार कर लिया। बताया जा रहा है नवीन शराब पीने का आदी है। इसको लेकर उसका अक्सर पिता से विवाद होता रहता है। रात के समय खर्राटे भरने को लेकर वह आग बबूला हो गया और उसने वारदात को अंजाम दे दिया। अस्पताल से मिले मेमो के आधार पर वृद्ध के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा है। आरोपित नवीन के खिलाफ गैर इरादतन हत्या का मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। पड़ोस के गन्ने से आरोपित को हिरासत में लिया गया है। खर्राटे भरने को लेकर पिता से विवाद की बात सामने आई है। आरोपित से पूछताछ की जा रही है।
-पुष्कर सिंह, थानाध्यक्ष सेहरामऊ उत्तरी