लकड़कट्टे का नहीं लगा सुराग
वन कर्मचारियों की हिरासत में हथकड़ी समेत भागे शातिर लकड़ी कट्टे का तीसरे दिन भी कोई सुराग नहीं मिला। आरोपित के कब्जे से बाइक और काटी गई लकड़ी बरामद की गई है जो वन चौकी पर ही मौजूद है। प्रयास के बाद भी वन विभाग की टीम को सफलता नहीं मिल पा रही है।
पीलीभीत,जेएनएन : वन कर्मचारियों की हिरासत में हथकड़ी समेत भागे शातिर लकड़ी कट्टे का तीसरे दिन भी कोई सुराग नहीं मिला। आरोपित के कब्जे से बाइक और काटी गई लकड़ी बरामद की गई है जो वन चौकी पर ही मौजूद है। प्रयास के बाद भी वन विभाग की टीम को सफलता नहीं मिल पा रही है। पूरनपुर तहसील क्षेत्र में आने वाले मंडनपुर के जंगल में गुरुवार की रात गुलड़िया भूपसिंह निवासी आरोपित छोटे सिंह ने साल का पेड़ काट दिया था। उसे अपने साथ ले जाने का प्रयास कर रहा था। इसी बीच वन चौकी पर तैनात दारोगा सुरेंद्र पाल गौतम ने आरोपित को मौके पर ही दबोच लिया था। उससे साल की लकड़ी और एक बाइक बरामद कर ली गई थी। आरोपित के खिलाफ केस भी काटा गया है। जंगल शाहजहांपुर सामाजिक वानिकी प्रभाग में आने के कारण उसे पहले खुटार बाद में मैलानी रेंज में ले जाया गया था। वहां से आरोपित वन कर्मचारी को गच्चा देकर भागने में सफल हो गया था। मैलानी से निकलने के बाद उसने गुलड़िया भूपसिंह गांव के पास स्थित गांव पोखरपुर में हथकड़ी कटवाई थी और यहां से भी खिसकने में कामयाब हो गया। उसकी गिरफ्तारी के लिए शुक्रवार को वन विभाग की टीम ने आरोपित के घर में दबिश दी लेकिन उसका कोई पता नहीं चला। बताया जा रहा है कि आरोपित की गिरफ्तारी के लिए वन विभाग की टीम जुटी हुई है लेकिन उसे सफलता नहीं मिल रही है। आरोपित के भाग जाने से वन विभाग के कर्मचारियों अधिकारियों में खलबली मची हुई है। इस मामले में गाज गिरना तय माना जा रहा है। सुरेंद्र पाल गौतम ने बताया कि मैलानी रेंज से आरोपित नहीं भागा है। पकड़ने के दौरान मौके से ही भाग गया है।