भक्तों ने कालरात्रि देवी की आराधना कर मांगी कृपा
शारदीय नवरात्र के सातवें दिन भक्तों ने मां भगवती के सप्तम स्वरूप कालरात्रि देवी की आराधना की। सुबह घरों में विधि-विधान से पूजा करने के बाद तमाम भक्त देवी मंदिरों में पहुंचे।
जागरण संवाददाता, पीलीभीत : शारदीय नवरात्र के सातवें दिन भक्तों ने मां भगवती के सप्तम स्वरूप कालरात्रि देवी की आराधना की। सुबह घरों में विधि-विधान से पूजा करने के बाद तमाम भक्त देवी मंदिरों में पहुंचे। सायं के समय देवी मंदिरों में छंद गूंजने लगते हैं। शहर के विभिन्न स्थानों पर सजे दुर्गा पूजा पंडालों में भी देर शाम तक भजन-कीर्तन के स्वर गूंजते रहते हैं। भक्तों ने माता की आराधना कर कृपा मांगी।
शनिवार को सुबह सिद्धपीठ यशवंतरी देवी मंदिर, निरंजन कुंज कॉलोनी के महा मातेश्वरी मंदिर, गोदावरी एस्टेट कॉलोनी स्थित मां दुर्गा मंदिर में तमाम भक्त पूजन करने पहुंचे। श्रद्धालुओं ने अष्टमी के बजाय सप्तमी को ही हवन पूजन भी किया। मुहल्ला खकरा में श्री नव दुर्गा स्थापना व विसर्जन समारोह में स्थानीय व दिल्ली से आए कलाकारों ने मां दुर्गा की झांकी सजाकर भजनों की धुनों पर नृत्य किया। देर रात तक कार्यक्रम चलता रहा। दूसरी ओर मुहल्ला ऊंचा में दुर्गा पूजा पंडाल में भी भजन गाए गए और मां दुर्गा की आरती उतारी गई। मां दुर्गा मंदिर, महा मातेश्वरी मंदिर व सुनगढ़ी मुहल्ले में स्थित मंदिर के बाहर सायं से समय एकत्र होने वाली महिलाओं के छंद गाने का क्रम लगातार जारी है।