भक्तों ने कात्यायनी देवी की पूजाकर भजनों से गाई महिमा
नवरात्र के छढे दिन श्श्रद्धालुओं ने मां कात्यायनी की पूजा अर्चना की।
जागरण संवाददाता, पीलीभीत : शारदीय नवरात्र के छठे दिन भक्तों ने मां भगवती के षष्ठम स्वरूप कात्यायनी देवी की पूजा अर्चना की। पूरे नवरात्र उपवास रखने वाले तमाम भक्तों ने पहले अपने घरों पर विधि-विधान से पूजन किया, इसके बाद देवी मंदिरों में दर्शन पूजन करने पहुंचे। उधर गोदावरी एस्टेट कॉलोनी के मां दुर्गा मंदिर परिसर में सायं को एकत्र हुईं महिलाओं ने ढोलक की थाप पर छंद गाते हुए माता की महिमा का गुणगान किया।
शुक्रवार को सुबह सिद्धपीठ यशवंतरी देवी मंदिर, निरंजन कुंज कॉलोनी के महा मातेश्वरी मंदिर, सुनगढ़ी मुहल्ले में शीतला देवी मंदिर, टनकपुर हाईवे पर छतरी चौराहा के निकट स्थित संतोषी माता मंदिर में तमाम भक्त पहुंचे। इनमें महिलाओं की संख्या अधिक रही। इन सभी मंदिरों में सुबह के समय पूजन और सायं को महिलाएं ढोलक की थाप पर छंद गाने का क्रम जारी रखे हुए हैं। भक्तों ने दुर्गा अष्टमी पर हवन पूजन की तैयारियां भी शुरू कर दी हैं।