शहर को सुंदर और स्वच्छ बनाया जाएगा
नगर पालिका परिषद के गठित बोर्ड को एक साल का समय पूरा हो गया है। लोगों ने शहर को सुंदर और स्वच्छ बनाने की मांग की है।
पीलीभीत : नगर पालिका परिषद के गठित बोर्ड को एक साल का समय पूरा हो गया है। एक साल के अंदर कराए गए कार्यों के साथ ही आने वाले समय में शहर को सुंदर और स्वच्छ बनाने पर जोर दिया जाएगा। इस दिशा में आगे काम करने की रणनीति बनाई जाएगी। शहरवासियों के प्रत्येक सुझाव पर काम करने की कोशिश की जाएगी। पिछले साल 12 दिसंबर को नगर पालिका परिषद के बोर्ड का गठन किया गया था। अध्यक्ष और सभासदों को पद एवं गोपनीयता की शपथ दिलाई गई थी। शपथ ग्रहण समारोह होने के बाद विकास कार्य कराने की दिशा में काम चालू कर दिए गए थे। एक साल के अंतराल में शहर में कई प्रकार के कार्य कराए गए, जिसमें डोर-टू-डोर कूड़ा लेने, अमृत योजना में पाइप लाइन स्वीकृत कराने, स्ट्रीट लाइट लगवाने आदि कार्य शामिल हैं। शहर के 27 वार्डो में करीब ढाई लाख लोग रहते हैं, जिन्हें मूलभूत सुविधाएं उपलब्ध कराई जा रही हैं। एक साल के अंतराल में कई सड़कों का निर्माण कराया गया, जिससे लोगों को आवागमन में आसानी हुई है। अभी शहर में मल्टी लेवल पार्किंग, ट्रैफिक नियमों का पालन कराने, स्वच्छता की दिशा में काम किए जाने बाकी हैं। नगर पालिका परिषद का नया बोर्ड समय रहते जनता की समस्याओं के निराकरण पर खरा उतरना चाहता है। इस दिशा में नगर पालिका परिषद भी प्रयास कर रही है। आने वाले समय में शहर को सुंदर और स्वच्छ बनाने की दिशा में काम किया जाएगा। ऐसा होने से शहर की कायाकल्प बदल जाएगी।
आम जनता की बात
शहर के अंदर की सड़कें जर्जर और गड्ढायुक्त हैं। इन सड़कों के गड्ढों को समतल कराया जाना चाहिए, जिससे लोगों को आने जाने में आसानी हो जाएगी। सड़क किनारे कूड़ा डालने के लिए डस्टबिन रखवाए जाने चाहिए। बच्चों के खेलने के लिए पार्क की व्यवस्था की जाए। शहर को साफ-सुथरा करने की दिशा में काम किया जाना चाहिए।
-ऋषिका शुक्ल, मुहल्ला केसरी ¨सह
नगर पालिका ने एक साल में कुछ काम जरूर कराए हैं। शहर की ट्रैफिक व्यवस्था को दुरुस्त किए जाने की जरूरत है, जिससे लोगों को जाम से निजात मिल सकेगी। दोपहिया और चौपहिया वाहन के लिए पार्किंग व्यवस्था की सुविधा दी जाए। इससे शहर को सुंदर बनाया जा सकेगा। नगर पालिका ने कई काम कराए हैं।
-काव्यांजलि त्रिवेदी, मुहल्ला केसरी ¨सह
मुहल्ले में आसपास कूड़ा-करकट पड़ा रहता है, जिससे काफी दिक्कतें होती हैं। शहर की सड़कें काफी खराब है, जिससे आवागमन में काफी दिक्कतें होती हैं। रोजाना नाली की सफाई नहीं होती है। अगर सफाई कराई जाए, तो दुर्गंध से निजात मिल जाएगी। सड़क के किनारे पौधारोपण किया जाना चाहिए।
-याना गुप्ता, सिविल लाइन नार्थ
शहर को स्वच्छ रखने की दिशा में काम किए जाने चाहिए। कूड़ा-करकट का समय से उठान किया जाए। कूड़ा डालने के लिए डस्टबिन रखवाए जाएं जो अभी सड़कों के किनारे नहीं दिखते हैं। इस दिशा में नगर पालिका परिषद को प्रयास करना चाहिए। एक साल में काम हुआ है।
-प्रतिभा ढाली, आवास विकास कॉलोनी
शहर का कराया जाएगा सर्वांगीण विकास
नगर पालिका परिषद की अध्यक्ष विमला जायसवाल का कहना है कि नए बोर्ड को एक साल पूरा हो चुका है। एक साल के समय में शहर में कई कार्य कराए गए हैं, जिसका लाभ सीधे जनता को दिया जा रहा है। जनता के वादों पर खरा उतरने का प्रयास किया जा रहा है। आने वाले समय में शहर को सुंदर और स्वच्छ बनाने की दिशा में काम किया जाएगा। अब डोर टू डोर कूड़ा लेने का काम किया जा रहा है, जिससे वार्डों में कूड़ा कम दिख रहा है। अमृत योजना में शहर की पेयजल व्यवस्था को दुरुस्त होगी। 90 किलोमीटर लंबाई में पाइपलाइन, ओवरहेड और ट्यूबवेल बनवाए जाएंगे, जिससे पेयजल व्यवस्था बेहतर हो सकेगी। एक किश्त प्राप्त हो चुकी है। पब्लिक के प्रत्येक सुझाव को प्राथमिकता से लिया जाएगा। उन्होंने कहा कि आने वाले समय में शहर के अंदर 55 सड़कों का निर्माण कार्य कराया जाएगा। इस कार्य की पत्रावली पर काम किया जा रहा है। कूड़ा निस्तारण संयंत्र स्थापित करने के लिए गांव सियाबाड़ी पट्टी में जमीन मिल चुकी है, जहां पर गीला-सूखा कूड़ा अलग-अलग किया जाएगा। शहर के अंदर के कूड़ा प्वाइंटों को कम किया जा रहा है। मुहल्ले से सीधा कूड़ा निस्तारण स्थल तक पहुंचाया जाएगा। जनता के सुझावों पर त्वरित अमल किया जाएगा। शहर को साफ-सुथरा रखने के लिए सभी को सहयोग लेना होगा। उन्होंने कहा कि परिवहन और प्रशासन से बातचीत करने के लिए ई-रिक्शा का संचालन दुरुस्त कराया जाएगा, जिससे जाम से निजात मिल सकेगी। जलभराव के लिए ड्रेनेज सिस्टम दुरुस्त किया जाएगा। शहर के तीनों पार्कों का सुंदरीकरण कार्य का टेंडर हो चुका है। शहर के अंदर से डेयरियों को बाहर किया जाएगा, जिससे लोगों को दिक्कतें नहीं होगी। मीना बाजार में आम जनता को मीना बाजार में पार्किंग की सुविधा दी जाएगी। पुलिस और जिला प्रशासन के सहयोग से ट्रैफिक सिस्टम को दुरुस्त किया जाएगा। प्रशासनिक अधिकारियों की मदद से कब्जे हटवाए जाएंगे। किसी भी समस्या को दर्ज कराने के लिए हेल्पलाइन की सुविधा दी जाएगी।