पूरनपुर में अमर सिंह ने की थी जनसभा
राज्यसभा सदस्य अमर सिंह वर्ष 2002 में समाजवादी पार्टी में राष्ट्रीय महासचिव होने के दौरान पूरनपुर आए थे। उन्होंने उस समय सपा प्रत्याशी और पूर्व विधायक गोपाल कृष्ण के समर्थन में की गई जनसभा रैली में लोगों में जोश भर दिया था।
पीलीभीत,जेएनएन : राज्यसभा सदस्य अमर सिंह वर्ष 2002 में समाजवादी पार्टी में राष्ट्रीय महासचिव होने के दौरान पूरनपुर आए थे। उन्होंने उस समय सपा प्रत्याशी और पूर्व विधायक गोपाल कृष्ण के समर्थन में की गई जनसभा रैली में लोगों में जोश भर दिया था।
सिगापुर के एक अस्पताल में राज्यसभा सदस्य अमर सिंह के निधन की खबर जैसे ही पूरनपुर के लोगों को लगी तो उनका दर्द छलक पड़ा। सपा नेता तौफीक अहमद कादरी बताते हैं कि वर्ष 2002 में अमर सिंह सपा पार्टी में राष्ट्रीय महासचिव थे। पूर्व विधायक गोपालकृष्ण सक्सेना उस समय प्रत्याशी थे, उनके समर्थन में वह माल गोदाम पर जनसभा रैली को संबोधित करने आए थे। उन्होंने अपने भाषण में कार्यकर्ताओं के अलावा जनसभा में मौजूद लोगों में जोश भर दिया था। कई लोगों ने माल्यार्पण कर स्वागत किया था। उन्होंने डा. तेज बहादुर सिंह तेजू के निवास पर पहुंचकर भोजन भी किया था।
2012 के चुनाव में शहर आए थे
राज्यसभा सदस्य अमर सिंह वर्ष 2012 में हुए विधानसभा चुनाव के दौरान समाजवादी पार्टी के प्रत्याशियों का चुनाव प्रचार करने आए थे। चुनावी सभा के दौरान उन्होंने अपने भाषण में विरोधियों चुटीले व्यंग्य किए थे। वह पार्टी के राष्ट्रीय महासचिव थे। फिल्म अभिनेत्री और उस दौर की सांसद जयाप्रदा के साथ हेलीकाप्टर से आए अमर सिंह की चुनावी सभा शहर के एसएन इंटर कॉलेज के नए भवन के मैदान पर हुई थी।