जल्द ही गांवों में बरात घर का देंगे तोहफा: वरुण
संवाद सूत्र घुंघचाई (पीलीभीत) भाजपा सांसद वरुण गांधी ने कहा कि जिले में विकास कराने में पीछे नहीं हटेंगे। जल्द ही गांवों में बरात घरों का तोहफा देंगे।
संवाद सूत्र, घुंघचाई (पीलीभीत):
भाजपा सांसद वरुण गांधी ने कहा कि जिले में विकास कराने को लेकर हर संभव प्रयास किए जाएंगे। वह हमेशा ही जनपद की मिट्टी से जुड़े रहे हैं। बरातघर के निर्माण के साथ ही किसानों की सभी समस्याओं को दूर किया जाएगा। यह बात उन्होंने घुंघचाई में आयोजित जनसभा में कही। कई अन्य गांवों में भी उन्होंने जनसभाओं को संबोधित किया।
सांसद वरुण गांधी ने सोमवार को घाटमपुर, घुंघचाई, सिमरिया, गुलड़िया भूपसिंह सहित क्षेत्र के कई गांवों में जनसभाएं संबोधित की। कहा कि गांव को विकास कराने में प्राथमिकता दी जाएगी। किसानों की समस्याओं को सुनने के बाद उनके बकाया भुगतान को लेकर गन्ना अधिकारियों से बात कर निदान कराने का प्रयास किया। केशौपुर और घुंघचाई गन्ना क्रय केंद्र को मकसूदापुर चीनी मिल से हटवाने के लिए भी किसानों ने मांग रखी। चुनाव के बाद पहली बार क्षेत्र में आगमन पर लोगों को अपना मताधिकार देने का आभार जताया। सिमरिया, कसगंजा, घुंघचाई, सिकरहना, केशौपुर, घाटमपुर सहित कई गांव के ग्रामीणों को आश्वासन दिया कि उनके गांव में जल्द ही बरातघर का निर्माण करवाया जाएगा। सभा के दौरान दिव्यांग पेंशन की योजना का लाभ नहीं मिलने की लोगों ने शिकायत की जिसपर उन्होंने शीघ्र ही निदान कराने की बात कही। उनका कई जगह स्वागत भी किया गया। सांसद का गर्मजोशी से स्वागत किया गया। सभाओं में मुख्य रूप से विधायक बाबूराम पासवान, वीरेंद्र प्रताप सिंह, आशुतोष दीक्षित राजू, अनुपम शुक्ला, अवधेश त्रिवेदी, प्रधान राजवीर वर्मा, संजीव त्रिवेदी, राजकुमार शुक्ल, अनिल मिश्र, विशंभर वर्मा, सुखविदर सिंह, मनोज मिश्र, देवेन्द्र त्रिवेदी, प्रधान धर्मपाल समेत कई प्रमुख लोग मौजूद रहे।