खिचड़ी और फल दान कर अर्जित किया पुण्य
मकर संक्रांति का पर्व शहर समेत पूरे जिले में श्रद्धा एवं उत्साह के साथ मनाया। श्रद्धालुओं ने सुबह स्नान करके पूजन किया। तमाम लोग मंदिरों में भी पूजा अर्चना करने पहुंचे।
जागरण संवाददाता, पीलीभीत : मकर संक्रांति का पर्व शहर समेत पूरे जिले में श्रद्धा एवं उत्साह के साथ मनाया। श्रद्धालुओं ने सुबह स्नान करके पूजन किया। तमाम लोग मंदिरों में भी पूजा अर्चना करने पहुंचे। पूजन के बाद साधु-संतों को खिचड़ी, फल, तिल से बने खाद्य पदार्थ आदि दान करके पुण्य लाभ अर्जित किया। शहर में विभिन्न मार्गों पर खिचड़ी, तहरी और सब्जी पूड़ी के भंडारा चलते रहे। राहगीरों को रोक कर खिचड़ी खिलाई गई।
वैसे तो अनेक लोगों ने मंगलवार को ही मकर संक्रांति का पर्व बना लिया लेकिन बुधवार को शहर समेत पूरे जिले में व्यापक रूप से पर्व मनाया गया। स्टेशन चौराहा से लेकर नावेल्टी चौराहा तक करीब दर्जन भर स्थानों पर पूरे दिन भंडारा चलता रहा। छतरी चौराहा के आसपास, टनकपुर हाईवे पर भी खिचड़ी का भंडारा किया गया। मकर संक्रांति पर मौसम भी मेहरबान रहा। इस कारण बच्चों, युवाओं ने जमकर पतंगबाजी का लुत्फ उठाया। टनकपुर हाईवे स्थित नकटादाना चौराहा के पास गायत्री शक्तिपीठ पर सुबह यज्ञ किया गया। यज्ञ में दर्जनों भक्तों ने आहुति दी। उसके बाद गायत्री परिवार के संस्थापक पंडित श्रीराम शर्मा द्वारा रचित पुस्तकों के बिक्री केंद्र का शुभारंभ किया गया। इसके उपरांत सामूहिक खिचड़ी भोज हुआ। उप्र प्रधानाचार्य परिषद की जिला इकाई की ओर से इकरा पब्लिक गर्ल्स इंटर कॉलेज में खिचड़ी का भंडारा किया गया।