बदमाशों ने तीन घरों में जमकर की लूटपाट
नकाबपोश बदमाशों ने तीन घरों में धावा बोलकर लूटपाट की। एक घर में परिवार के लोगों को बांधकर डाल दिया। वारदात को अंजाम देने के बाद बदमाश एक ग्रामीण की झोपड़ी तोड़कर भाग गए। सुबह घटना की सूचना पर पहुंचे सीओ सिटी ने मौका मुआयना किया। साथ ही पीड़ितों के घटना की जानकारी ली।
पीलीभीत,जेएनएन : नकाबपोश बदमाशों ने तीन घरों में धावा बोलकर लूटपाट की। एक घर में परिवार के लोगों को बांधकर डाल दिया। वारदात को अंजाम देने के बाद बदमाश एक ग्रामीण की झोपड़ी तोड़कर भाग गए। सुबह घटना की सूचना पर पहुंचे सीओ सिटी ने मौका मुआयना किया। साथ ही पीड़ितों के घटना की जानकारी ली। उन्होंने थाना पुलिस को बदमाशों की शीघ्र गिरफ्तारी के निर्देश दिए।
क्षेत्र के गांव बिहारीपुर निवासी सियाराम गौतम घर में बुधवार को रात करीब एक बजे पांच सशस्त्र बदमाश घुस गए। बदमाशों ने दोनों बेटों को बांधकर डाल दिया। इसके बाद सोने, चांदी के जेवर व 10 हजार की नकदी लेकर फरार हो गए। सियाराम के पुत्र उमाशंकर व प्रदीप कुमार ने बताया कि बदमाशों ने उन्हें चारपाई पर ही बांध दिया। परिवार की महिलाओं के मुंह में कपड़े ठूंस दिए। बदमाशों के जाने के बाद उन्होंने डायल 112 को सूचना दी गई। पुलिस मौके पर पहुंची। शिवनगर में गुलाबी के घर में घुसे बदमाशों ने बरामदे में सो रहे गुलाबी और उसके पुत्र श्यामाचरन को सबसे पहले कब्जे में लिया। इसके बाद श्यामाचरन से संदूक की चाबी ले ली। अन्य कमरे में जा घुसे तथा दो बदमाशों ने गुलाबी और श्यामाचरन को चारपाई पर ही गमछे से बांधकर डाल दिया। गुलाबी ने बताया कि उनके पास तमंचा और चाकू भी थे। एक बदमाश के पैर में चोट सी प्रतीत हो रही थी। उसकी पेंट पैरों की तरफ से ऊपर खींची हुई थी। कमरे में श्यामाचरन की पत्नी सोनी सो रही थी। उसको बदमाशों ने कब्जे में लिया,और संदूक खंगाल लिया। जिसमें सोने के एक जोड़ी कुंडल, नाक का बेसर, चांदी की पायल, 17 नकदी ले गए। तथा जाते-जाते सोनी की नाक से सोने का फूल भी नोच लिया। खास बात यह रही कि सबसे पहले बदमाशों ने मोबाइलों को कब्जे में लिया और उनकी बैटरी निकाल कर ले गए। इसी गांव में नरेश पाल का घर गांव के बाहर अस्पताल के पास बना हुआ है। यहां बदमाशों ने धाबा बोला। घर पर नरेश पाल और उनकी पत्नी नन्ही देवी थे। एक बदमाश ने नरेश पाल को कब्जे में लिया। नन्ही देवी चारपाई पर लेटी हुई थीं। एक बदमाश उनके कान पर तमंचा सटाकर वहीं बैठ गया। अन्य बदमाशों ने घर में लूटपाट करने लगे। नरेश पाल का घर खुला हुआ है। घर में दीवार नहीं है, सिर्फ एक कमरा बना हुआ है। इन्होंने अपनी एक बेटी की शादी कर दी है। गृहस्वामी के अनुसार बेटी का जेवर घर में रखा हुआ था। सोने की झुमकी,कान की बाली तथा नाक का फूल, एक अंगूठी सोने की रखी हुई थी। बदमाश सारा जेवर सामान ले गए। साथ ही उनकी पत्नी से चांदी की पायल, खडुआ, सोने की चेन समेत लगभग एक किलो चांदी घर में थी। बदमाश सभी कुछ घर से खंगाल कर ले गए। साथ ही आठ हजार नकदी भी ले गए। गुरुवार को सुबह सूचना पर सीओ सिटी वीरेंद्र विक्रम, थाना प्रभारी जयप्रकाश सिंह मौके पर पहुंचे। पीड़ित परिवारों से जानकारी ली। सीओ सिटी ने थाना पुलिस को बदमाशों का जल्द पता लगाकर गिरफ्तार करने के निर्देश दिए। थाना प्रभारी निरीक्षक के अनुसार बदमाशों का पता लगाया जा रहा है।