आधी रात तक रही लोहड़ी की धूम
लोहड़ी पर्व की धूम शहर में लगभग आधी रात तक रही। इस दौरान सार्वजनिक स्थलों पर आयोजन किए गए।
पीलीभीत : लोहड़ी पर्व की धूम शहर में लगभग आधी रात तक रही। इस दौरान सार्वजनिक स्थलों, गुरुद्वारा के साथ ही पंजाबी समाज के लोगों के घरों में उत्सव जैसा नजारा रहा। देर रात तक महिलाओं ने पंजाबी गीतों पर नृत्य करके अपनी खुशी प्रकट की।
नकटादाना चौराहा के निकट स्थित सिटी पैलेस में जिला उद्योग व्यापार प्रतिनिधिमंडल के चेयरमैन अनिल महेंद्रू की ओर से आयोजित लोहड़ी उत्सव धूमधाम से मनाया गया। लोहड़ी की आग प्रज्जवलित करके उसमें मूंगफली, मक्का के दाने और रेवड़ी अर्पित की गई। उसके उपरांत उसी का प्रसाद वितरित किया गया। इस अवसर पर महिलाओं ने पंजाबी लोकगीतों की धुनों पर जमकर नृत्य किया। इसके अलावा छतरी चौराहा स्थित गुरुद्वारा की ओर से गेट पर लोहड़ी जलाई गई और प्रसाद वितरित किया गया। पंजाबी समाज के अनेक लोगों ने लोगों ने अपने घरों पर लोहड़ी उत्सव परंपरागत ढंग से मनाया।