जासं, पीलीभीत : उत्तराखंड में खेतों पर गन्ना छिलाई करने गए न्यूरिया के मजदूर की बाघ के हमले में मृत्यु हो गई, इसकी सूचना मिलते ही परिवार में चीत्कार मच गया। थाना न्यूरिया क्षेत्र में स्थित जोशी कालोनी के अनेक मजदूर काम करने के लिए पड़ोसी राज्य उत्तराखंड जाते रहते हैं।
रविवार को भी इस कालोनी के निवासी रमेश मंडल अन्य मजदूरों के साथ पड़ोसी राज्य के खटीमा थाना क्षेत्र में स्थित दहा फार्म पर गन्ना की छिलाई करने गए थे। अपराह्न करीब सवा तीन बजे गन्ना की छिलाई करने के दौरान उत्तराखंड की सुरई रेंज के जंगल से निकलकर बाघ आ गया।
रमेश कुछ समझ पाता, इससे पहले ही बाघ ने उस पर हमला कर दिया। मजदूर चीखने लगा तो आसपास के खेतों में काम कर रहे मजदूर शोर मचाते हुए दौड़ पड़े। इस पर बाघ गन्ने के दूसरे खेत में भाग गया। सूचना पर खटीमा थाना पुलिस और वहां के वन अधिकारी मौके पर जा पहुंचे।
बाघ की लोकेशन लेने का प्रयास किया जा रहा है। घटना की सूचना पाकर यहां से सामाजिक वानिकी के एसडीओ अंजनी श्रीवास्तव व वन दारोगा सोनी सिंह भी पहुंचे और घटना की जानकारी ली। आसपास के गांवों में लोगों को सतर्क कर दिया गया है।