यह एक आर्काइव लेख है, जिसे Nov 10, 2021 को प्रकाशित किया गया था। इसमें दी गई जानकारी वर्तमान समय के लिहाज से पुरानी हो सकती है।
आधा दर्जन गांवों में काटे गए हरे पेड़
पीलीभीतजेएनएन आधा दर्जन गांवों में एक ही रात में कई हरे भरे पेड़ों का अवैध कटान कर दिया गया है। ...और पढ़ें

पीलीभीत,जेएनएन : आधा दर्जन गांवों में एक ही रात में कई हरे भरे पेड़ों का अवैध कटान कर दिया गया है। सुबह को जानकारी लगने पर खलबली मच गई। जगह जगह कटान होता रहा लेकिन इसकी सूचना पुलिस और विभाग को नहीं लग सकी।
क्षेत्र में इन दिनों हरे और फलदार पेड़ों का अवैध कटान तेजी से किया जा रहा है। प्रतिबंध के बावजूद भी हरे भरे पेड़ों के काटने का सिलसिला रुकने का नाम नहीं ले रहा है। शिकायत के बाद भी मिलीभगत के चलते लकड़कट्टों पर कोई कार्रवाई नहीं की जा रही है। इससे तस्कर दिन रात हरे पेड़ों को काटकर हरियाली का सफाया तेजी से कर रहे हैं। मंगलवार की रात घाटमपुर गांव में रातों रात आम के हरे भरे चार, दो कटहल के पेड़ काट लिए गए। इसके अलावा गजरौला जप्ती में चार आम, सिमरिया गांव में दो पेड़ आम, शहबाजपुर में 2 आम के पेड़, नारायनपुर में 4 आम और अर्जुन के पेड़, केशौपुर में तीन आम के पेड़ काट लिए गए। एक ही रात में लकड़कट्टों ने आधा दर्जन गांवों में हरे भरे पेड़ों को अवैध रूप से काटकर उसकी लकड़ी भी रातों रात ट्रालियों में भरकर ठिकाने लगा दी। इसकी शिकायत पुलिस और वन विभाग के अधिकारियों से की गई लेकिन कोई कार्यवाही नहीं हो सकी। क्षेत्र में हो रहे हरे वृक्षों के काटे जाने की जानकारी नहीं है। कर्मचारियों को भेजकर मौके पर दिखाया जाएगा। अवैध रूप से आम के पेड़ काटे गए तो जांच कराकर लकड़कट्टों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।
अयूब हसन, रेंजर सामाजिक वानिकी प्रभाग पूरनपुर
