शुक्रवार का दिन खास, शहर को दो सौगात
पीलीभीतजेएनएन शुक्रवार का दिन शहर के लिए खास रहा। शहरवासियों को एक नहीं बल्कि दो सौगात मिलीं। एक ओर जहां लंबी प्रतीक्षा के बाद एकता सरोवर के नाम से नया पर्यटन केंद्र मिला तो दूसरी ओर रेलवे स्टेशन परिसर में सौ फुट की ऊंचाई पर राष्ट्रीय ध्वज लहरा उठा। इससे जंक्शन को एक नई पहचान मिली है। इन दोनों के शुभारंभ को लेकर शहरवासी काफी दिनों से प्रतीक्षारत रहे हैं। दोनों सौगातों का लोकार्पण सांसद वरुण गांधी ने किया।
पीलीभीत,जेएनएन : शुक्रवार का दिन शहर के लिए खास रहा। शहरवासियों को एक नहीं बल्कि दो सौगात मिलीं। एक ओर जहां लंबी प्रतीक्षा के बाद एकता सरोवर के नाम से नया पर्यटन केंद्र मिला तो दूसरी ओर रेलवे स्टेशन परिसर में सौ फुट की ऊंचाई पर राष्ट्रीय ध्वज लहरा उठा। इससे जंक्शन को एक नई पहचान मिली है। इन दोनों के शुभारंभ को लेकर शहरवासी काफी दिनों से प्रतीक्षारत रहे हैं। दोनों सौगातों का लोकार्पण सांसद वरुण गांधी ने किया।
शहर के बीचोंबीच स्थित एकता सरोवर पर्यटन केंद्र का लोकार्पण सांसद वरुण गांधी ने किया। लंबी प्रतीक्षा के बाद इसका लोकार्पण हो जाने से शहरवासी अब झूले, कैंटीन, नौकायन, आकर्षक फव्वारों का आनंद ले सकेंगे।
शहर के बीचोबीच एकता सरोवर पर्यटन केंद्र के सुंदरीकरण के बाद शुरू होने की आस लगाए शहरवासियों का सपना आज पूरा हो गया। जब पहली बार मेनका गांधी यहां से सांसद बनी थीं, तब तत्कालीन जिलाधिकारी जयशंकर मिश्र की देखरेख में इस स्थल का सुंदरीकरण कराया गया था। बाद में देखरेख के अभाव यह स्थल बदहाल होता गया। उसके बाद करीब 15 वर्ष पूर्व एक बार फिर उसकी बाउंड्री वाल का निर्माण करा दिया गया था। दो साल पहले अमृत योजना के अंतर्गत सुंदरीकरण कार्य स्वीकृत हुआ था। उससे मिले बजट से इस पर्यटन केंद्र का कायाकल्प किया गया। डीएम पुलकित खरे के इस कार्य में व्यक्तिगत रुचि लेने के कारण सुंदरीकरण कार्य में तेजी आई। डीएम की पहल पर ही सरोवर के बीचो बीच विशाल फव्वारा का निर्माण किया गया। बच्चों के लिए झूले तो पहले ही लगा दिए गए थे।। टहलने वालों के लिए पाथ वे का निर्माण किया गया। ढाई सौ से अधिक पोल लगाकर लाइटिग से पार्क को जगमग किया गया है। पार्क में कैंटीन और स्वच्छ शौचालय का निर्माण किया गया है। मुख्य गेट पर पुलिस चौकी स्थापित की गई है। बच्चों के लिए काफी झूले लगाए गए हैं। नाव का भी संचालन होगा, जिस पर बैठकर लोग सरोवर में नौकायन का आनंद लेंगे। एकता सरोवर लोकार्पण कार्यक्रम में भाजपा जिलाध्यक्ष संजीव प्रताप सिंह, बरखेड़ा विधायक किशनलाल राजपूत, ज्वाइंट मजिस्ट्रेट नूपुर गोयल, पालिकाध्यक्ष विमला जायसवाल, उनके पति पूर्व चेयरमैन प्रभात जायसवाल, सभासद महेंद्र पाल, ईओ सुरेंद्र प्रताप सिंह, जेई इंद्रजीत, अभिषेक गोल्डी, अजय गोयल, मनोज सप्पू, प्रदीप अंकुर सहित अन्य लोग मौजूद रहे।
सौ फुट की ऊंचाई पर शान से लहराया तिरंगा
स्थानीय रेलवे जंक्शन परिसर में सौ फुट की ऊंचा पर लग गया है। इसका लोकार्पण सांसद वरुण गांधी ने किया। जंक्शन परिसर में फाउंडेशन बनाकर राष्ट्रीय ध्वज को सौ फुट की ऊंचाई पर फहराने की तैयारी महीनों पहले ही हो गई थी लेकिन किसी न किसी कारण यह लगातार टलता रहा है। एक बार तो तिथि का निर्धारण भी कर दिया गया था लेकिन अपरिहार्य कारणों से ऐन वक्त पर कार्यक्रम टाल दिया।
शुक्रवार को सुबह सांसद वरुण गांधी रेलवे स्टेशन पहुंचे। वहां पूर्वोत्तर रेलवे इज्जतनगर मंडल के डीआरएम आशुोतष पंत सहित अन्य रेलवे अधिकारियों ने सांसद की अगवानी करते हुए स्वागत किया। इसके उपरांत सांसद ने सौ फुट की ऊंचाई वाले राष्ट्रीय ध्वज का लोकार्पण किया। कार्यक्रम में डीआरएम के साथ ही एडीआरएम परिचालन अजय वाष्र्णेय, वरिष्ठ मंडलीय अभियंता विकास सिंह, रोहित गुप्ता, डा, हरीश, ऋषि पांडेय, मनीष गंगवार, रेलवे परामर्शदात्री समिति के सदस्य रतनदीप, शिवम कश्यप एडवोकेट सहित अन्य लोग मौजूद रहे। इज्जतनगर मंडल के जनसंपर्क अधिकारी राजेंद्र सिंह के अनुसार सौ फुट की ऊंचाई पर इज्जतनगर, फर्रूखाबाद, कन्नौज और बदायूं स्टेशनों पर राष्ट्रीय ध्वज पहले ही स्थापित किया जा चुका है। अब इसी कड़ी में पीलीभीत जंक्शन भी शामिल हो गया है।