किसानों की समस्याओं को लेकर किया पद्रर्शन
बकाया गन्ना भुगतान समेत कई समस्याओं को लेकर किसान मजदूर संगठन के कार्यकर्ताओं ने प्रदर्शन किया।
बीसलपुर (पीलीभीत): बकाया गन्ना भुगतान समेत कई समस्याओं को लेकर किसान मजदूर संगठन के कार्यकर्ताओं ने ईदगाह चौराहा पर जाम लगाकर प्रदर्शन किया तथा शिकायती पत्र मुख्यमंत्री को भेजा।
शनिवार को पूर्व घोषित कार्यक्रम के तहत किसान मजदूर संगठन के कार्यकर्ता ईदगाह चौराहा के पास बीसलपुर शाहजहांपुर मार्ग पर एकत्र हुए। उन्होंने मांगों को लेकर शासन व प्रशासन के खिलाफ जोरदार नारेबाजी कर प्रदर्शन किया। प्रदर्शनकारियों ने मार्ग पर जाम लगा दिया। जाम के दौरान कार्यकर्ता क्षेत्र के गन्ना किसानों का बकाया भुगतान की मांग कर रहे थे। धान खरीद केंद्रों पर केंद्र प्रभारी वहां पहुंचने वाले कृषकों के धान को यह कहकर रिजेक्ट कर परेशान कर रहे हैं कि उनके धान में मानक से अधिक नमी है। इस कारण उनका धान नहीं तौला जाएगा। कृषक विवश होकर अपना धान औने पौने दामों में आढ़तों पर बेंचने पर मजबूर है। बरेली मार्ग के गड्ढों को लंबे समय से समतल नहीं किया जा रहा है जबकि प्रदेश सरकार द्वारा सभी मार्गों को गड्ढामुक्त बनाने की घोषणा की गई थी। प्रदर्शन का नेतृत्व गुल्लू पहलवान कर रहे थे। प्रदर्शन करने वालों में राजू, अहमद, हिमांशु, सालिकराम, यासीन, इमरान, शमीम, अनस, जुनैद, शकील, राहिल, नईम, शकील खां कार्यकर्ता मौजूद थे।