सुबह छाया कोहरा, फिर उमड़े बादल
मौसम का मिजाज एकाएक पलट गया। सुबह देर तक कोहरा छाया रहा।
पीलीभीत : मौसम का मिजाज एकाएक पलट गया। सुबह देर तक कोहरा छाया रहा। जब कोहरा छंटा तो आसमान पर बादल उमड़ आए। ऐसे में खुलकर धूप नहीं निकली, इस कारण पूरे दिन ठिठुरन बनी रही। सायं को सूर्य ढलने के बाद तो वातावरण में गलन बढ़ गई। ऐसे में लोगों को शीतलहर से राहत पाने के लिए आग का सहारा लेना पड़ा। इस दौरान बाजार में भी चहल-पहल कम हो गई।
राजकीय कृषि विज्ञान केंद्र के वरिष्ठ वैज्ञानिक डॉ. शैलेंद्र ¨सह ढाका के अनुसार बुधवार को अधिकतम तापमान 18.6 तथा न्यूनतम 4.2 डिग्री रिकॉर्ड किया गया। उन्होंने बताया कि गुरुवार को भी मौसम का ऐसा ही मिजाज रहने की संभावना है लेकिन इसके बाद मौसम साफ हो जाएगा और तापमान में भी कुछ बढ़ोत्तरी होने की उम्मीद है। बहरहाल आज तो सुबह से ही मौसम का मिजाज बदला हुआ दिखा। जब लोग सोकर उठे तो वातावरण में घना कोहरा पाया। सुबह तक दस तक कोहरा का असर प्रभावी रहा। इस दौरान सड़कों पर गुजर रहे वाहनों की रफ्तार थमी रही। कोहरे के कारण ²श्यता काफी कम हो जाने के कारण चालकों को अपने वाहनों की हेडलाइटें जलाकर धीमी गति से वाहन निकालने पड़े। बाद में जब कोहरा छंटा तो एकाएक आसमान पर बादल उमड़ आए। ऐसे में जो लोग यह उम्मीद लगाए थे कि कोहरा छंटने पर धूप खिलेगी, उन्हें निराश होना पड़ा। हालांकि दोपहर में बादल छंटने पर कुछ देर के लिए धूप खिली लेकिन उसमें ज्यादा गर्माहट नहीं थी। इस कारण पूरे दिन ठिठुरन बनी रही। सायं को सूर्य ढलते ही वातावरण में गलन बढ़ने लगी। जो लोग घरों से बाहर निकले हुए थे, वे जल्दी-जल्दी अपने काम निपटाकर वापस लौटने लगे। कई स्थानों पर लोग आग जलाकर तापते दिखे। ठंड अधिक हो जाने की वजह से बाजार की रौनक भी गायब हो गई।
---------------